(NST News) भोपाल. नेशनल अंडर-19 क्लस्टर फुटबॉल चैंपियनशिप का समापन बुधवार को हुआ। इस टूर्नामेंट में देशभर के लगभग 70 स्कूलों ने हिस्सा लिया और जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। फाइनल मुकाबला डीपीएस ईस्ट स्कूल और फेकल्टी पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें डीपीएस ईस्ट ने शानदार खेल दिखाते हुए 2-0 से जीत दर्ज की और चैंपियन बना। पूरे टूर्नामेंट में टीमवर्क और अनुशासन के दम पर डीपीएस ईस्ट ने यह खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता पीपल्स पब्लिक स्कूल में खेली गई। समापन समारोह के मुख्य अतिथि डा. विजय आनंद (डीन, एडमिशन, पीपल्स यूनिवर्सिटी) थे। प्राचार्या आशु वाधवा ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर सीबीएसई खेल प्रतिनिधि सागर रैकवार, आयोजन सचिव मुकेश लिखितकार और नवीन भी मौजूद रहे। समारोह में मैच रेफरी समेत कई सदस्यों को खेल में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कार दिए गए। मुज्जमिल (अराफा) को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, अभिषेक एन.पी. (फेकल्टी पब्लिक स्कूल) को सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर, मि. ए. त्रिपाठी (वेदांत इंटरनेशनल स्कूल) को मैन ऑफ द टूर्नामेंट और उज्जवल (डीपीएस ईस्ट) को बेस्ट डिफेंडर घोषित किया गया।


