नई दिल्ली : यूपी टी20 लीग 2026 के 29वें और बेहद अहम मुकाबले में गत चैंपियन काशी रुद्राक्ष ने अंकतालिका की शीर्ष टीम मेरठ मावेरिक्स को 56 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में मिली इस शानदार जीत के साथ ही यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन के प्लेऑफ के लिए शीर्ष चार टीमों की तस्वीर भी पूरी तरह साफ हो गई।
यूपी टी20 लीग 2026 के लीग चरण की समाप्ति के बाद मेरठ मावेरिक्स 15 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष पर रही। लखनऊ फाल्कन्स ने 13 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, गत चैंपियन काशी रुद्राक्ष और नोएडा किंग्स ने 10-10 अंक जुटाकर क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान के साथ प्लेऑफ में जगह बनाई। दूसरी ओर, गौर गोरखपुर लायंस और मेजबान कानपुर सुपरस्टार्स का टूर्नामेंट में सफर लीग चरण के साथ ही समाप्त हो गया।
करण-वैभव-उपेंद्र ने मचाया धमाल, बल्ले से बरसे रन
‘करो या मरो’ के इस मुकाबले में काशी रुद्राक्ष के कप्तान करण शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निडर फैसला लिया। सलामी बल्लेबाजों ने इस फैसले को सही साबित करते हुए 51 गेंदों में 75 रनों की मजबूत साझेदारी की। वैभव जायसवाल ने 24 गेंदों में तेज तर्रार 33 रन बनाए, जबकि कप्तान करण शर्मा ने 40 गेंदों में 57 रनों की कप्तानी पारी खेलकर ठोस नींव रखी।
उपेंद्र यादव ने बल्ले से मचाया तूफान
इसके बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज उपेंद्र यादव ने मैदान पर उतरकर तबाही मचाई। उपेंद्र ने महज 29 गेंदों में 4 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 57 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसके दम पर काशी रुद्राक्ष ने 20 ओवर में 175/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया।
कार्तिक यादव ने बरपाया कहर, मेरठ 119 रन पर ऑलआउट
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत बेहद खराब रही। स्टार ओपनर स्वास्तिक चिकारा को कार्तिक यादव ने 4 गेंदों के डक पर पवेलियन भेज दिया। कार्तिक यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए अपने 4 ओवरों में महज 12 रन देकर 3 विकेट झटके और मेरठ के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया। इस मैच विनिंग प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
मेरठ के खिलाफ 3 गेंदों में 3 विकेट, गेंदबाजों का कहर
मेरठ के लिए दिव्यांश राजपूत (39 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर वह ‘हिट-विकेट’ आउट हो गए। अगली ही गेंद पर ऋषभ राजपूत ने यश गर्ग को आउट किया। 17वें ओवर की पहली गेंद पर इम्पैक्ट प्लेयर संगम सिंह ने विकेट लेकर टीम की हैट्रिक (Team Hat-trick) पूरी की। ऋषभ राजपूत (3/13) और अटल बिहारी विपिन राय (2 विकेट) की धारदार गेंदबाजी के आगे मेरठ की पूरी टीम 19.2 ओवर में 119 रनों पर ढेर हो गई।
यूपी टी20 लीग प्लेऑफ में बड़ा बदलाव, कानपुर की जगह लखनऊ में होंगे मुकाबले
कानपुर में लगातार हो रही बारिश और मैदान के गीले रहने की स्थिति को देखते हुए यूपी टी20 लीग प्रशासन ने प्लेऑफ के सभी मुकाबलों का वेन्यू बदलने का फैसला किया है। अब लीग के प्लेऑफ मैच कानपुर की जगह लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। मौसम को देखते हुए लिया गया यह फैसला मैचों के सुचारू आयोजन के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
UPT20 2026: प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल (इकाना स्टेडियम, लखनऊ)
- * 3 सितंबर 2026 (गुरुवार)
- * क्वालिफायर 1: मेरठ मावेरिक्स बनाम लखनऊ फाल्कन्स (दोपहर 3:00 बजे से)
- * एलिमिनेटर: काशी रुद्राक्ष बनाम नोएडा किंग्स (शाम 7:30 बजे से)
- * 4 सितंबर 2026 (शुक्रवार)
- * क्वालिफायर 2: क्वालिफायर 1 की हारने वाली टीम बनाम एलिमिनेटर की विजेता टीम (शाम 7:30 बजे से)
- * 6 सितंबर 2026 (रविवार)
- * फाइनल (FINAL): क्वालिफायर 1 की विजेता बनाम क्वालिफायर 2 की विजेता (शाम 7:30 बजे से)


