चोटिल प्लेयर के बाहर होने से यूपी वॉरियर्स को झटका, रिप्लेसमेंट का ऐलान

0

नई दिल्ली : विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के चौथे सीजन में अब रोमांच चरम पर है, जहां चार टीमें प्लेऑफ के लिए बचे दो स्थानों की दौड़ में हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। यूपी वॉरियर्स फिलहाल पॉइंट्स टेबल में अंतिम स्थान पर हैं, जिन्होंने छह मैचों में से केवल दो में जीत दर्ज की है। हालांकि, टीम अभी भी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बनाए हुए है और उनके लिए आखिरी दो मैच बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसी बीच, यूपी वॉरियर्स को लीग स्टेज के बचे आखिरी दो मुकाबलों से पहले बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उनकी स्टार खिलाड़ी फोएबे लिचफील्ड चोट के कारण बाहर हो गई हैं।

चोटिल फोएबे लिचफील्ड टूर्नामेंट से बाहर

यूपी वॉरियर्स ने फोएबे लिचफील्ड को लेकर जारी बयान में बताया कि वह सीजन के बाकी बचे मैचों से चोट के कारण बाहर हो गई हैं। फोएबे को क्वाड इंजरी लगी है और वह वापस अपने देश ऑस्ट्रेलिया लौटेंगी, जहां भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी सीरीज से पहले रिहैब पर ध्यान देंगी। इस सीजन में फोएबे को छह मैच खेलने का मौका मिला, जिनमें उन्होंने कुल 243 रन बनाए और दो अर्धशतकीय पारियां भी खेलीं। ऐसे में उनकी टीम के लिए इस समय बाहर होना बड़ा झटका है और उनकी जगह भरना आसान नहीं रहेगा। यूपी वॉरियर्स ने फोएबे लिचफील्ड को WPL के चौथे सीजन के ऑक्शन में 1 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा था, जिसमें उन्होंने अपना नाम 50 लाख रुपये बेस प्राइस पर रजिस्टर करवाया था।

चोटिल खिलाड़ी के बाद यूपी वॉरियर्स ने रिप्लेसमेंट का ऐलान किया

फोएबे लिचफील्ड के बाहर होने के बाद यूपी वॉरियर्स ने अपने रिप्लेसमेंट खिलाड़ी का ऐलान कर दिया है। टीम ने इंग्लैंड की 32 साल की विकेटकीपर एमी जोंस को शामिल किया है। WPL में अभी तक एक भी मैच न खेल पाने वाली एमी जोंस टी20 फॉर्मेट में काफी अनुभव रखती हैं। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 150 मुकाबले खेलते हुए 20.31 के औसत से 1666 रन बनाए हैं, जिनमें 5 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। यूपी वॉरियर्स ने एमी जोंस को उनके बेस प्राइस 50 लाख रुपये में टीम में शामिल किया है। टीम का अगला मुकाबला 29 जनवरी को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ है, जबकि 1 फरवरी को उनका सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here