न्यूयॉर्क: सर्बिया के नोवाक जोकोविच का रिकॉर्ड 25वां ग्रैंडस्लैम जीतने का इंतजार एक बार फिर बढ़ गया है। जोकोविच को वर्ष के आखिरी ग्रैंडस्लैम, यूएस ओपन के पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में स्पेन के कार्लोस अल्कारेज ने हराया। अल्कारेज ने 24 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता जोकोविच को दो घंटे 23 मिनट तक चले मुकाबले में 6-4, 7-6 (4), 6-2 से मात देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
शुरुआत से अल्कारेज का दबदबा
अल्कारेज इसके साथ लगातार आठवें एटीपी टूर फाइनल में पहुँच गए हैं। फाइनल में उनका सामना यानिक सिनर से होगा, जिन्होंने एक अन्य सेमीफाइनल में फेलिक्स अगुर एलियासिमे को हराया। अल्कारेज ने जोकोविच के खिलाफ शुरुआत से ही बढ़त बना ली थी और पहला सेट 48 मिनट में अपने नाम कर लिया। जोकोविच ने दूसरे सेट में वापसी करते हुए 3-0 की बढ़त बनाई, लेकिन अल्कारेज ने जल्दी ही स्कोर 3-3 कर दिया। यह सेट अंततः टाई ब्रेकर तक गया, जिसमें अल्कारेज विजयी रहे। तीसरे सेट में स्पेनिश खिलाड़ी ने शुरुआती बढ़त ली और फिर जोकोविच को कोई मौका नहीं दिया, जिससे सेमीफाइनल में अल्कारेज की जीत पक्की हो गई।
नोवाक जोकोविच ने संन्यास की अफवाहों पर रखा विराम
यूएस ओपन के सेमीफाइनल में अपने सफर के समाप्त होने के बाद नोवाक जोकोविच ने संन्यास की खबरों को खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी नजरें 2026 में होने वाले ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट पर टिकी हुई हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जोकोविच ने कहा, “देखेंगे। मुझे अपनी टीम के साथ इस पर बात करनी होगी। इस ग्रैंड स्लैम सीजन के बाद यह भावना जरूर है। मैं अगले साल भी पूरा ग्रैंड स्लैम सीजन खेलना चाहता हूं, लेकिन यह बाद में ही स्पष्ट होगा कि ऐसा होता है या नहीं। ग्रैंड स्लैम खास होते हैं। ये किसी भी दूसरे टूर्नामेंट से अलग हैं और हमारे खेल के आधार स्तंभ तथा सबसे महत्वपूर्ण इवेंट्स में से हैं।”


