US Open: युकी भांबरी और अल्बानो ओलिवेटी की जोड़ी तीसरे दौर में, बालाजी को मिली हार, रोहन बोपन्ना प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

0

न्यूयॉर्क: भारत के युकी भांबरी और फ्रांस के अल्बानो ओलिवेटी की जोड़ी ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करके ऑस्टिन क्राजिस्क और जीन जूलियन रोजर को हराकर वर्ष के आखिरी ग्रैंडस्लैम यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल के तीसरे दौर में जगह बनाई। भांबरी और ओलिवेटी की जोड़ी ने अमेरिका के क्राजिसेक और नीदरलैंड के जीन जूलियन रोजर की 15वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी को 4-6, 6-3, 7-5 से हराया।

यह केवल दूसरा अवसर है जब भांबरी किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के तीसरे दौर में पहुंचे हैं। इससे पहले वह 2014 में ऑस्ट्रेलियाई ओपन में भी इसी चरण में पहुंचे थे। हालांकि, भारत के एक अन्य खिलाड़ी एन श्रीराम बालाजी और अर्जेंटीना के उनके जोड़ीदार गुइडो आंद्रेओज़ी दूसरे दौर में न्यूजीलैंड के माइकल वीनस और ग्रेट ब्रिटेन के नील स्कूपस्की से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। भारत और अर्जेंटीना की जोड़ी दूसरे दौर के मैच में 6-7 (4), 4-6 से हार गई। वीनस और स्कूपस्की को सात ब्रेक प्वाइंट मिले जिसमें से उन्होंने एक को भुनाया। बालाजी और आंद्रेओज़ी सर्विस ब्रेक के अपने एकमात्र अवसर को भुनाने में असफल रहे।

भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना पुरुष और मिश्रित युगल वर्ग में आगे बढ़ने में सफल रहे। 44 वर्षीय बोपन्ना ने इंडोनिशिया के अलदिता सुत्जादी के साथ मिलकर डेमी शुअर्स और टिम पिट्स को पहले दौर के मैच में 7-6 (7), 7-6 (5) से हराने में सफल रहे। इसके बाद बोपन्ना मैथूय एब्डेन के साथ मिलकर पुरुष युगल वर्ग में रोबर्टो कारबेल्स तथा फेडेरिको कोरिया को दूसरे दौर के मैच में 6-2, 6-4 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचे। इस जोड़ी का सामना अब अगले दौर में अर्जेंटीना की जोड़ी मैक्सिमो गोंजालेस और आंद्रेस मोलटेनी से होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here