यूएस ओपन: युकी भांबरी पहली बार ग्रैंड स्लैम डबल्स सेमीफाइनल में पहुंचे

0

न्यूयॉर्क। भारतीय टेनिस स्टार युकी भांबरी और उनके न्यूजीलैंड के जोड़ीदार माइकल वीनस ने यूएस ओपन 2025 में इतिहास रच दिया है। दोनों ने क्वार्टर फाइनल में 11वीं वरीयता प्राप्त निकोला मेक्टिक और राजीव राम की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-3, 7-6, 6-3 से हराकर मेंस डबल्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली। यह जीत न्यूयॉर्क के कोर्ट नंबर 17 पर हासिल की गई, जहां भांबरी-वीनेस ने शानदार तालमेल दिखाया।

पहली बार ग्रैंड स्लैम के टॉप-4 में युकी भांबरी
33 साल के युकी भांबरी वर्ल्ड डबल्स रैंकिंग में इस समय 32वें नंबर पर हैं। यह पहली बार है जब उन्होंने किसी ग्रैंड स्लैम के डबल्स में सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफलता हासिल की है। पिछले साल यानी 2024 में भी भांबरी ने यूएस ओपन में हिस्सा लिया था, लेकिन तब वे फ्रांस के अल्बानो ओलिवेटी के साथ केवल प्री-क्वार्टर फाइनल तक ही पहुंच पाए थे। इस बार उनके प्रदर्शन ने भारतीय टेनिस फैन्स को नई उम्मीद दी है।

प्री-क्वार्टर में चौथी वरीय जोड़ी को हराया
सेमीफाइनल तक का सफर आसान नहीं था। प्री-क्वार्टर फाइनल में युकी और वीनस ने चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी केविन क्राविएटज और टिम पुटज को 6-4, 6-4 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई थी। यह मुकाबला केवल 1 घंटे 23 मिनट में खत्म हो गया था। वहां से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और क्वार्टर फाइनल में भी उन्होंने मजबूत विपक्षियों को सीधे सेटों में हराकर अपनी लय कायम रखी।

2015 के बाद खिताब जीतने का मौका
अगर युकी भांबरी और उनके जोड़ीदार फाइनल तक पहुंचने में सफल होते हैं तो वे 2015 के बाद ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन सकते हैं। उस साल लिएंडर पेस ने मिक्स्ड डबल्स और सानिया मिर्जा ने विमेंस डबल्स में खिताब जीता था। युकी ने कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है और वे विजय अमृतराज, रमेश कृष्णन, लिएंडर पेस, महेश भूपति और रोहन बोपन्ना जैसे दिग्गजों की विरासत को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

अनिसिमोवा ने स्वियातेक से लिया बदला
इसी टूर्नामेंट के विमेंस सिंगल्स में अमेरिकी खिलाड़ी अमांडा अनिसिमोवा ने बड़ा उलटफेर किया। आठवीं वरीयता प्राप्त अनिसिमोवा ने दूसरी वरीयता प्राप्त पोलैंड की इगा स्वियातेक को 6-4, 6-3 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। खास बात यह रही कि उन्होंने विंबलडन फाइनल में मिली हार का बदला भी ले लिया, जहां स्वियातेक ने उन्हें 6-0, 6-0 से हराया था। अब सेमीफाइनल में अनिसिमोवा का सामना या तो नाओमी ओसाका या कैरोलिना मुचोवा से होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here