टी20 वर्ल्ड कप से पहले USA को झटका, फिक्सिंग के आरोप में बल्लेबाज सस्पेंड

0

नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले अमेरिका की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के प्रमुख बल्लेबाज एरॉन जोन्स को आईसीसी ने कथित मैच फिक्सिंग के आरोप में अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया है। यह निलंबन एरॉन जोन्स पर बारबाडोस में आयोजित BIM10 लीग के 2023-24 सीजन के दौरान कथित फिक्सिंग की वजह से लगाया गया है।

काउंसिल ने आधिकारिक बयान में क्या स्पष्ट किया?

आईसीसी ने अपने बयान में बताया है कि यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका (USA) के खिलाड़ी एरॉन जोन्स पर क्रिकेट वेस्ट इंडीज़ (CWI) और आईसीसी के एंटी-करप्शन कोड के पांच उल्लंघनों का आरोप लगाया गया है। ये आरोप मुख्य रूप से 2023-24 के BIM10 टूर्नामेंट से जुड़े हैं, जो CWI एंटी-करप्शन कोड के अंतर्गत आता है, जबकि दो अन्य आरोप इंटरनेशनल मैचों से संबंधित हैं, जो ICC कोड के अधिकार क्षेत्र में आते हैं।

जोन्स को बचाव के लिए 14 दिन का समय मिला

एरॉन जोन्स आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए अमेरिकी टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा, वह 2024 टी20 वर्ल्ड कप में भी अमेरिका की उस टीम में शामिल थे, जो सुपर 8 राउंड तक पहुंची थी। आईसीसी ने अपने बयान में कहा है कि जोन्स को तत्काल प्रभाव से सभी क्रिकेट प्रतियोगिताओं से अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है और उनके पास आरोपों का जवाब देने के लिए 28 जनवरी 2026 से 14 दिन का समय दिया गया है।

एरॉन जोन्स का सस्पेंशन अमेरिका के लिए बड़ा झटका

न्यूयॉर्क में जन्मे 31 साल के एरॉन जोन्स का अस्थायी रूप से सस्पेंड होना अमेरिका टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। जोन्स अपनी आक्रामक और खतरनाक बल्लेबाजी के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्होंने अब तक USA के लिए 52 एकदिवसीय (ODI) और 48 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उनका टी20 स्ट्राइक रेट 114 का रहा है। लंबे-लंबे छक्के लगाने के लिए मशहूर जोन्स ने अमेरिका के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच पिछले साल अप्रैल में खेला था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here