नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से ठीक पहले पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने अपनी ऑल-टाइम भारतीय टेस्ट प्लेइंग इलेवन चुनी है। उनकी इस टीम ने क्रिकेट जगत में चर्चा छेड़ दी है, क्योंकि उथप्पा ने कई दिग्गज खिलाड़ियों को अपनी अंतिम एकादश में जगह नहीं दी। उनकी टीम से सुनील गावस्कर, गौतम गंभीर, ऋषभ पंत, जवागल श्रीनाथ, अनिल कुंबले और मोहम्मद शमी जैसे बड़े नाम बाहर रहे। उथप्पा ने अपनी सर्वकालिक टेस्ट टीम का संतुलन बनाए रखते हुए दो स्पिनर, एक ऑलराउंडर और दो तेज गेंदबाज चुने हैं। वहीं बल्लेबाजी क्रम में उन्होंने अनुभव और आक्रामकता का मिश्रण रखा, जिससे उनकी यह टीम चयन के बाद से ही क्रिकेट प्रेमियों के बीच बहस का विषय बन गई है।
उथप्पा की टेस्ट XI में सहवाग-राहुल की ओपनिंग जोड़ी
उथप्पा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वो टेस्ट की अपनी ऑल-टाइम प्लेइंग इलेवन चुनते हुए नजर आ रहे हैं। उनके पूछा गया कि ओपनर के रूप में वो सुनील गावस्कर और सहवाग में से किसे टीम में चुनेंगे तो उन्होंने सहवाग का नाम लिया। दूसरे ओपनर के रूप में उनके पास गौतम गंभीर और केएल राहुल का विकल्प था जिसमें से उन्होंने राहुल का चयन किया। यानी ओपनर के रूप में उन्होंने अपनी टीम में सहवाग और केएल राहुल का चयन किया।
सचिन नंबर-4, कोहली नंबर-5; उथप्पा ने तय किया बल्लेबाजी क्रम
तीसरे नंबर के लिए रॉबिन उथप्पा ने राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा में से द्रविड़ को चुना। बल्लेबाजी क्रम में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को चौथे और विराट कोहली को पांचवें स्थान पर रखा। विकेटकीपर के चयन में उन्हें एमएस धोनी और ऋषभ पंत का विकल्प दिया गया, जिसमें उन्होंने धोनी को तरजीह दी। ऑलराउंडर के रूप में उथप्पा की पसंद कपिल देव रहे।
गेंदबाजी आक्रमण में उन्होंने स्पिन विभाग के लिए हरभजन सिंह की जगह रविचंद्रन अश्विन को चुना। तेज गेंदबाजों में मोहम्मद शमी पर जसप्रीत बुमराह को प्राथमिकता दी, जबकि जवागल श्रीनाथ और जहीर खान में से जहीर को अपनी टीम में शामिल किया। दूसरे स्पिनर के रूप में उन्होंने अनिल कुंबले का चयन किया और इस तरह अनुभव तथा संतुलन से भरपूर अपनी ऑल-टाइम टेस्ट प्लेइंग इलेवन तैयार की।
रॉबिन उथप्पा द्वारा चुनी हुई ऑल-टाइम टेस्ट प्लेइंग इलेवन
वीरेंद्र सहवाग, केएल राहुल, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, एमएस धोनी, कपिल देव, आर अश्विन, जसप्रीत बुमराह, जहीर खान, अनिल कुंबले।


