भोपाल। स्वर्गीय वैभव चांदेकर T20 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन 2 का गत दिवस नेहरू नगर पुलिस मैदान पर शुभारंभ हुआ। इस मौके पर खेले गए उद्घाटन मैच में पुलिस एकादश ने मीडिया एकादश को पांच विकेट से पराजित किया। इसके पूर्व टूर्नामेंट का शुभारंभ के मुख्य अतिथि डीसीपी जोन 3 भोपाल रियाज इकबाल ने किया। विशेष अतिथि आईपीएस मनस्वी शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार मृगेंद्र सिंह, अक्षत शर्मा, आर यदुवंशी, मोहन द्विवेदी थे।इस मौके पर स्वर्गीय वैभव चांदेकर की माता श्रीमती सरिता चांदेकर एवं परिजन भी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में कुल 24 विभागीय एवं 12 कॉरपोरेट टीमो के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। इसके पूर्व उद्घाटन अवसर पर खेले गए ओपनिंग मैच में मीडिया एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रनों का लक्ष्य पुलिस टीम को दिया।अक्षत शर्मा ने 49 व जलील ने 34 रनों का योगदान दिया। पुलिस टीम की ओर से अरुण सिंह ने तीन विकेट व मंजीत सिंह ने दो विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस की टीम ने 15 ओवरों में 5 विकेट खोकर 129 रन बनाकर जीत हासिल की जिसमें रियाज इकबाल ने 48,प्रज्ञा बालरे ने 30 रन एवं मंजीत ठाकुर ने 13 रनों का योगदान दिया। मीडिया एकादश की ओर से अनूप दुबे ने दो एवं रामेश्वर भार्गव,मृगेंद्र सिंह और इंद्रजीत मौर्य ने एक-एक विकेट लिया। पुलिस एकादश के अरुण सिंह को शानदार गेंदबाजी करने के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा विजेता एवं उपविजेता टीम को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजन सचिव शुभम, योगेंद्र सिंह, फिरोज खान बिट्टू आदि पुलिस टीम के खिलाड़ी मौजूद थे।कार्यक्रम का संचालन अंतरराष्ट्रीय कमेंटेटर विकास यादव ने किया।


