नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 13वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी बड़ी पारी खेलने से जरूर चूक गए, लेकिन जब तक वह क्रीज पर रहे, मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों के लिए खौफ बने रहे। वैभव ने मुंबई के दिग्गज गेंदबाजों की इस मुकाबले में जमकर धुनाई की और 14 गेंदों पर 5 छक्के व एक चौके की मदद से 39 रन बनाए, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 278.57 रहा। इस विस्फोटक प्रदर्शन के साथ उन्होंने यूसुफ पठान और रविंद्र जडेजा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। वैभव ने पहले विकेट के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर 30 गेंदों पर 80 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी भी की। हालांकि उनकी शानदार पारी का अंत शार्दुल ठाकुर ने किया।
वैभव ने की यूसुफ और जडेजा की बराबरी
वैभव ने मुंबई के खिलाफ 278.57 की स्ट्राइक के साथ 39 रन की पारी खेली और इसके बाद वो आईपीएल में 250 की ज्यादा की स्ट्राइक रेट के साथ 30 रन से ज्यादा पारी खेलने के मामले में युसुफ पठान और रविंद्र जडेजा की बराबरी पर आ गए। वैभव ने ये कमाल आईपीएल में चौथी बार किया जबकि यूसुफ और जडेजा भी ऐसा 4-4 बार कर चुके हैं। वहीं आईपीएल में 250 की ज्यादा की स्ट्राइक रेट के साथ 30 प्लस की पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में अभिषेक शर्मा और हार्दिक पंड्या संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं। इन दोनों ने ऐसा अब तक 6-6 बार किया है।
IPL में 250+ की स्ट्राइक रेट के साथ सबसे ज्यादा बार 30+ की पारी खेलने वाले भारतीय बैटर
6 बार: अभिषेक शर्मा (77 पारी)
6 बार: हार्दिक पंड्या (141 पारी)
4 बार: वैभव सूर्यवंशी (10 पारी)
4 बार: युसूफ पठान (154 पारी)
4 बार: रविंद्र जडेजा (199 पारी)
वैभव ने 49 गेंदों पर ठोके 122 रन, शानदार फॉर्म में युवा बल्लेबाज
वैभव सूर्यवंशी ने इस आईपीएल सीजन में अब तक खेले गए 3 मैचों में 49 गेंदों का सामना करते हुए कुल 122 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक जड़ा है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 52 रन रहा है। इन मुकाबलों में उनका स्ट्राइक रेट 248.97 और औसत 40.66 का रहा है, जबकि उन्होंने 10 चौके और 11 छक्के लगाए हैं। इस मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल की नाबाद 77 रन की पारी के दम पर 11 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की टीम 11 ओवर में 9 विकेट पर 123 रन ही बना सकी और उसे 27 रन से हार का सामना करना पड़ा।


