नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी ने बांग्लादेश के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए मुश्किल हालात में अर्धशतक जमाया। वह इस मुकाबले में शतक के काफी करीब पहुंच गए थे, लेकिन उसे पूरा नहीं कर सके और अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपने पहले शतक से चूक गए।
वैभव सूर्यवंशी की 72 रनों की शानदार पारी
इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 30 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया और अंत में 67 गेंदों पर 72 रन बनाकर पवेलियन लौटे। भले ही वह अपना शतक पूरा नहीं कर सके, लेकिन कठिन हालात में खेली गई उनकी यह पारी भारत के लिए बेहद अहम रही। अपनी इस पारी के दौरान वैभव ने 3 छक्के और 6 चौके लगाए, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 107.46 रहा।
इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीता था और भारत की शुरुआत काफी खराब रही। भारत ने अपने पहले 2 विकेट तो सिर्फ 12 रन के स्कोर पर ही गंवा दिए थे। कप्तान आयुष जहां 6 रन बनाकर आउट हो गए तो वहीं वेदान्त त्रिवेदी तो खाता भी नहीं खोल पाए। भारत का तीसरा विकेट 53 रन के स्कोर पर गिरा था और विहान मलहोत्रा 7 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे।
इस मुकाबले में भारत को चौथा झटका 115 रन के कुल स्कोर पर लगा, जब वैभव अपना विकेट गंवा बैठे। इसके तुरंत बाद 119 रन पर टीम का पांचवां विकेट भी गिर गया, जहां हरवंश पंघालिया महज 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसका मतलब यह रहा कि पहली पारी में भारत ने सिर्फ 119 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने 5 विकेट खो दिए। वैभव को छोड़ दिया जाए तो भारतीय शीर्ष क्रम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और बल्लेबाज जिम्मेदारी निभाने में नाकाम दिखे।

