नई दिल्ली: आईपीएल का मौजूदा सीजन रोमांच से भरपूर अंदाज में आगे बढ़ रहा है, जहां दुनियाभर के खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से चमक बिखेर रहे हैं। हालांकि भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा अलग ही नजर आ रहा है। इस बीच सबकी निगाहें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हैं, जो लगातार शानदार पारियां खेलते हुए रन बरसा रहे हैं। खास बात यह है कि अब तक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के भी उन्हीं के बल्ले से निकले हैं। दूसरी ओर अनुभवी स्टार विराट कोहली ने चौकों के मामले में सभी को पीछे छोड़ते हुए बाजी मार ली है।
इस साल के आईपीएल में आधे से ज्यादा सीजन गुजर गया है। थोड़ी ही दिन बाद 10 में से छह टीमें बाहर हो जाएंगी और टॉप 4 टीमें हमें मिल जाएंगी। इसके बाद खिताब के लिए बड़े मुकाबले होंगे। इस बीच अगर अब तक खेले गए मैचों में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज की बात की जाए तो वे वैभव सूर्यवंशी हैं। उन्होंने अब तक 8 मैच खेलकर 32 सिक्स लगा दिए हैं। वे राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपनिंग की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
वैभव सूर्यवंशी के नाम सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले अभिषेक शर्मा यहां दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने आठ मैच खेलकर 28 छक्के लगाने में कामयाबी हासिल की है। पंजाब किंग्स के ओपनर प्रियांश आर्या भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने 6 मैचों में ही 25 छक्के ठोक दिए हैं। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने 8 मैच खेलकर 23 छक्के लगाने में अब तक कामयाबी हासिल की है। पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने 7 मैच खेलकर 21 छक्के लगाए हैं, वे इस लिस्ट में नंबर पांच पर आते हैं।
अगर चौकों की बात करें तो इस सूची में विराट कोहली शीर्ष स्थान पर काबिज हैं। कोहली ने 8 मुकाबलों में 37 चौके जड़े हैं। वहीं अभिषेक शर्मा और केएल राहुल 36-36 चौकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। ईशान किशन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 8 मैचों में 35 चौके लगाए हैं। इसके अलावा संजू सैमसन 33 चौकों के साथ पांचवें नंबर पर हैं। संजू ने इस सीजन दो शानदार शतक भी जमाए हैं।


