इतिहास रचा वैभव सूर्यवंशी ने, 32 गेंदों में फिफ्टी ठोक U19 फाइनल में बनाया रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली : भारतीय अंडर-19 टीम के ओपनर बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी का शानदार फॉर्म सेमीफाइनल के बाद फाइनल में भी जारी रहा। इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में उन्होंने खबर लिखे जाने तक टीम के लिए अर्धशतक जड़ दिया। इससे पहले सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ भी वैभव ने अर्धशतकीय पारी खेली थी, जिसने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। लगातार बड़े मुकाबलों में उनके प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाज़ों में शामिल कर दिया है।

वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, सबसे कम उम्र में U19 फाइनल में जड़ा अर्धशतक

वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया। वह इस टूर्नामेंट के फाइनल में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज़ बन गए हैं। वैभव ने यह कारनामा 14 साल और 316 दिन की उम्र में किया। खबर लिखे जाने तक उन्होंने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था और 50 रन बनाकर क्रीज़ पर मौजूद थे। इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया था, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही।

सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ 115 रन की शानदार पारी खेलने वाले ओपनर एरोन जॉर्ज इस मैच में 11 गेंदों पर 9 रन बनाकर एलेक्स ग्रीन की गेंद पर आउट हो गए। भारत ने पहला विकेट महज़ 20 रन के स्कोर पर गंवा दिया था। इसके बाद वैभव ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर भारतीय पारी को पूरी तरह से संभाल लिया। वैभव ने इस मैच में शुरू से ही तेज बैटिंग शुरू की और इंग्लैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह से दवाब में ला दिया। उनकी पारी के सामने इंग्लिश युवा गेंदबाज पूरी तरह से बेबस नजर आए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here