नई दिल्ली: राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 सीजन के लिए अपने नए हेड कोच का ऐलान कर दिया है। आईपीएल 2025 में राहुल द्रविड़ टीम के हेड कोच थे, लेकिन उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था। अब कुमार संगकारा को एक बार फिर टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। इससे पहले संगकारा राजस्थान रॉयल्स में क्रिकेट निदेशक के पद पर थे और अब वह मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
कुमार संगकारा लौटे राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच पद पर
कुमार संगकारा अब राहुल द्रविड़ की जगह राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच के रूप में टीम का नेतृत्व करेंगे। द्रविड़ ने आईपीएल 2025 सीजन में टीम की कोचिंग की थी, लेकिन एक चौंकाने वाले फैसले के बाद उन्होंने फ्रेंचाइजी से अपना नाता तोड़ लिया। आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स टीम का प्रदर्शन पिछले पांच सालों में सबसे कमजोर रहा और उन्होंने सीज़न को दूसरे सबसे निचले पायदान पर समाप्त किया। वहीं, अपने क्रिकेट करियर में 47,303 रन बनाने वाले संगकारा अब वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल और रविंद्र जडेजा जैसे युवा खिलाड़ियों को कोचिंग देंगे।
कुमार संगकारा साल 2021 से लेकर 2024 तक इस टीम के हेड कोच थे और उनकी कोचिंग में ये टीम 4 साल में दो बार प्लेऑफ तक पहुंची थी। यही नहीं साल 2022 में ये टीम फाइनल में भी पहुंची थी, लेकिन उसे फाइनल में गुजरात टाइटंस के हाथों हार मिली थी। उस समय टीम के कप्तान संजू सैमसन थे। संजू सैमसन अब राजस्थान टीम का हिस्सा नहीं हैं और वो आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले ट्रेड किए जाने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बन चुके हैं। राजस्थान ने आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले 7 खिलाड़ियों को रीलिज किया था जबकि कई खिलाड़ियों को रिटेन किया था।
रिटेन किए गए खिलाड़ी
ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), जोफ्रा आर्चर, क्वेना मफाका, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, नंद्रे बर्गर, रियान पराग, संदीप शर्मा, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, तुषार देशपांडे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, युद्धवीर सिंह, रविंद्र जड़ेजा (ट्रेड इन), सैम कुरेन (ट्रेड इन), डोनोवन फरेरा (ट्रेड इन)।
रिलीज किए गए खिलाड़ी
कुणाल सिंह राठौड़ (30 लाख रुपये), आकाश मधवाल (1.20 करोड़ रुपये), अशोक शर्मा (30 लाख रुपये), फजल फारूकी (2.00 करोड़ रुपये), कुमार कार्तिकेय (30 लाख रुपये), वानिंदु हसरंगा (5.25 करोड़ रुपये), महीश तीक्षणा (4.40 करोड़ रुपये)।

