नई दिल्ली : एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के फाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को सुपर ओवर में हराकर तीसरी बार खिताब पर कब्ज़ा जमाया। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तानी बल्लेबाज माज सदाकत का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उन्होंने सबसे अधिक रन जुटाते हुए शीर्ष स्कोरर का स्थान हासिल किया और उनके दमदार खेल के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में शीर्ष पांच बल्लेबाजों की सूची पर नज़र डालें तो वैभव सूर्यवंशी रन चार्ट में दूसरे नंबर पर रहे। भारत की ओर से तीन बल्लेबाजों ने टॉप-5 में जगह बनाकर शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि गेंदबाजी विभाग में स्थिति उलटी दिखी—शीर्ष पांच सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में एक भी भारतीय शामिल नहीं हो पाया। भारत के लिए सबसे अधिक विकेट गुरजपनीत सिंह ने लिए, जिन्होंने चार मुकाबलों में कुल 7 विकेट अपने नाम किए।
वैभव सूर्यवंशी ने हासिल किया रन चार्ट में दूसरा स्थान
एशिया कप राइजिंग स्टार्स में भारत के ओपनर बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी रन जुटाने के मामले में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 4 मुकाबलों में शानदार 239 रन बनाए। हालांकि पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज़ माज सदाकत ने फाइनल में 23 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर वैभव को पीछे छोड़ दिया और शीर्ष स्थान अपने नाम कर लिया। माज ने पूरे टूर्नामेंट में 5 मैच खेलते हुए कुल 258 रन बनाए और रन-तालिका में नंबर वन रहे।
तीसरे नंबर पर इस लिस्ट में बांग्लादेश के हबीबुर रहमान सोहन रहे जिन्होंने 5 मैचों में 228 रन बनाए जबकि 4 मैचों में 125 रन बनाकर जितेश शर्मा चौथे स्थान पर रहे। भारत के बल्लेबाज नमनधीर 4 मैचों में 106 रन बनाकर लिस्ट में 5वें स्थान पर रहे। इस सीन में शीर्ष 3 बल्लेबाजों ने ही 200 का आंकड़ा पार करने में सफलता हासिल की।
रिपन मोंडोल बने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज़ रिपन मोंडोल ने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके और पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 मुकाबलों में कुल 11 विकेट अपने नाम किए। इसके साथ ही वे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बने। उनके बाद दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के सूफियान मुकीम रहे, जिन्होंने 4 मैचों में 10 विकेट चटकाए। तीसरे पायदान पर बांग्लादेश के रकीबुल हसन रहे, जिन्होंने 4 मुकाबलों में 8 विकेट हासिल किए। पाकिस्तान के शान मसूद भी 4 मैचों में 8 विकेट लेकर चौथे नंबर पर रहे, जबकि उनके साथी माज सदाकत 4 मैचों में 7 विकेट लेकर टॉप 5 में पांचवें स्थान पर शामिल हुए।

