‘मिनी ब्राज़ील’ विचारपुर में फुटबॉल क्रांति, जर्मन क्लब CEO बायर्सडॉर्फर खिलाड़ियों से करेंगे सीधा संवाद

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले का वह छोटा-सा गांव विचारपुर जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 जुलाई 2023 को अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में ‘मिनी ब्राज़ील’ की उपाधि दी थी, एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में छा गया है। जर्मनी के प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लब FC Ingolstadt 04 के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डाइटमर बायर्सडॉर्फर और क्लब के तकनीकी कोच मैनुअल शेफ़र शहडोल पहुंच गए हैं। दोनों विशेषज्ञ 24 नवंबर को विचारपुर के उभरते खिलाड़ियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद करेंगे और उनकी खेल प्रगति की समीक्षा करेंगे।

जर्मनी से प्रशिक्षण लेकर लौटे खिलाड़ियों के लिए विशेष सत्र

यह कार्यक्रम उन पांच प्रतिभाशाली खिलाड़ियों सानिया कुंडे, सुहानी कोल, प्रीतम कुमार, वीरेंद्र बैगा और मनीष घसिया और उनकी कोच लक्ष्मी सहीस के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जिन्होंने FC Ingolstadt 04 के निमंत्रण पर 4 से 12 अक्टूबर 2023 तक जर्मनी में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त किया था। शहडोल में होने वाले इस इंटरैक्शन के दौरान टीम की प्रगति की समीक्षा, तकनीकी परामर्श, टैक्टिकल सेशन तथा भविष्य की प्रशिक्षण रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। जर्मनी में इन खिलाड़ियों को म्यूनिख स्थित क्लब की स्किल्स लैब, स्पोर्ट्स सेंटर, जिम सेशन और फुटबॉल क्लीनिक्स में यूरोपीय फुटबॉल के पेशेवर माहौल का सीधा अनुभव मिला था।

आधुनिक फुटबॉल ट्रेनिंग पर रहेगा विशेष जोर

CEO डाइटमर बायर्सडॉर्फर और तकनीकी कोच मैनुअल शेफ़र ने जर्मनी में खिलाड़ियों को फिटनेस, बॉल कंट्रोल, पासिंग, शूटिंग, डिफेंसिव ऑर्गनाइजेशन, गेम टेम्पो, तथा निर्णय लेने की क्षमता और यूरोपीय अनुशासन जैसी तकनीकों का उन्नत प्रशिक्षण दिया था। शहडोल में दोनों विशेषज्ञ इन खिलाड़ियों की प्रगति का मूल्यांकन करेंगे और टीमवर्क, टैक्टिकल इंटेलिजेंस, एवं आधुनिक प्लेइंग स्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान देते हुए भविष्य के कौशल विकास के लिए फॉलो-अप एवं मार्गदर्शन सत्र संचालित करेंगे।

सभी स्थानीय क्लबों को भी मिलेगा मार्गदर्शन

विचारपुर को मिली वैश्विक पहचान के बाद यहां के विभिन्न फुटबॉल क्लबों में सक्रिय युवा खिलाड़ी भी उत्साहपूर्वक तैयारी कर रहे हैं। जर्मन विशेषज्ञ अपने दौरे के दौरान विचारपुर के सभी क्लबों के खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे, उनकी खेल क्षमता का अवलोकन करेंगे तथा उन्हें आधुनिक फुटबॉल तकनीकों से अवगत कराएंगे। इसके अतिरिक्त, दोनों विशेषज्ञ Khelo India Small Centre, विचारपुर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से भी संवाद करेंगे और उनके कौशल विकास के लिए महत्वपूर्ण सलाह प्रदान करेंगे। इस कार्यक्रम से ग्रामीण एवं आदिवासी प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल ट्रेनिंग से जोड़ने में एक नई दिशा मिलेगी।

भोपाल में भी होगा इंटरैक्टिव सेशन

शहडोल दौरे के बाद दोनों विशेषज्ञ 25 नवंबर को भोपाल पहुंचेंगे। राजधानी में, टीटी नगर स्टेडियम में वे मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के साथ इंटरैक्टिव सेशन, प्रैक्टिस अवलोकन और कौशल उन्नति के लिए तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। यह सत्र राज्य की उभरती फुटबॉल प्रतिभाओं तथा खेल ढांचे के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here