विक्रम पुरस्कार समारोह अब 28 अप्रैल को मिंटो हॉल में आयोजित होगा, कुल 27 खिलाड़ी होंगे सम्मानित

0

भोपाल। (एनएसटी न्यूज़) मध्य प्रदेश के प्रतिष्ठित विक्रम खेल अवार्ड समारोह अब 28 अप्रैल 2025 को मिंटो हाल( पुरानी विधानसभा) में आयोजित किए जाने की संभावना है। इसमें वर्ष 2023 के चयनित प्रतिभावान खिलाड़ियों को विक्रम, एकलव्य,विश्वामित्र और लाइफटाइम अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। पहले यह आयोजन रविंद्र भवन में होने वाला था लेकिन अब इसे मिंटो हॉल में शिफ्ट किया जा रहा है। इस समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव होंगे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल मंत्री विश्वास सारंग करेंगे।

खेल विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस खेल कार्यक्रम में किसी बड़े खिलाड़ी को भी खिलाड़ी अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। इससे पहले भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष उड़ानपरी पी टी उषा के इस कार्यक्रम में आने की चर्चा थी,लेकिन अब उनके किसी कारणवश नहीं आने से किसी अन्य खिलाड़ी को खेल विभाग आमंत्रित करेगा। खेल समारोह में उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेता मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को भी पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

इसके पूर्व यह खेल कार्यक्रम 23 अप्रैल को रविंद्र भवन में आयोजित किया जाना था लेकिन ईसाइ धर्म गुरू पोप फ्रांसिस का निधन हो जाने के कारण भारत सरकार ने 3 दिवसीय राष्ट्रीय शोक घोषित किया था, इस वजह से 23 अप्रैल 2025 को रवीन्द्र भवन भोपाल में आयोजित होने वाला शिखर खेल अलंकरण (विक्रम अवार्ड) 2023 और राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड के पदक विजेता खिलाड़ियों का पुरस्कार समारोह स्थगित कर दिया गया था।उल्लेखनीय है कि इस समारोह में 12 खिलाड़ियों को विक्रम,11 को एकलव्य,तीन कोचों को विश्वामित्र व एक खिलाड़ी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया जाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here