नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। बल्लेबाजों की नाकामी के चलते टीम इंडिया को 244 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में भारतीय टीम के दो अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। रोहित शर्मा ने डक पर आउट होने के मामले में अनिल कुंबले और युवराज सिंह की बराबरी कर ली, जबकि विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर की बराबरी करते हुए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में पहला स्थान हासिल कर लिया।
डक के मामले में विराट कोहली ने की सचिन तेंदुलकर की बराबरी
विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ डक पर आउट हुए और वनडे में वो 20वीं बार शून्य पर आउट हुए साथ ही सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली जो अपने वनडे करियर में 20 बार शून्य पर आउट हुए थे। भारत की तरफ से अब वनडे में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में कोहली और सचिन तेंदुलकर संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं तो वहीं रोहित शर्मा ने कुंबले और युवराज की बराबरी कर ली जो वनडे में 18-18 बार डक पर आउट हुए थे। रोहित भी 18वीं बार वनडे में शून्य पर आउट हुए।
वनडे में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले टॉप-5 भारतीय
20 – विराट कोहली
20 – सचिन तेंदुलकर
19 – जवागल श्रीनाथ
18 – रोहित शर्मा
18 – अनिल कुंबले
18 – युवराज सिंह
17 – हरभजन सिंह
16 – सौरव गांगुली
रोहित ने कुंबले को छोड़ा पीछे
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में विराट कोहली दूसरे नंबर पर हैं जो 42वीं बार शून्य पर आउट हुए तो वहीं रोहित शर्मा जो इंटरनेशनल क्रिकेट में 36वीं बार डक पर आउट हुए वो अनिल कुंबले से आगे निकल गए। कुंबले इंटरनेशनल क्रिकेट में 35 बार डक पर आउट हुए थे। इस लिस्ट में रोहित शर्मा 5वें स्थान पर पहुंच गए जबकि कुंबले छठे स्थान पर फिसल गए। वहीं इस लिस्ट में जहीर खान पहले नंबर पर हैं जो इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले भारतीय हैं। सचिन तेंदुलकर इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 34 बार डक पर आउट हुए थे।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले टॉप-7 भारतीय
43 – जहीर खान
42 – विराट कोहली
40 – इशांत शर्मा
37- हरभजन सिंह
37- जसप्रीत बुमराह
36 – रोहित शर्मा
35 – अनिल कुंबले
34 – सचिन तेंदुलकर


