लंदन। 5 महीने के लंबे अंतराल के बाद भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कोहली लंदन में गुजरात टाइटंस के असिस्टेंट कोच नईम अमीन के साथ ट्रेनिंग ले रहे हैं। वह अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा होंगे। 36 वर्षीय कोहली ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी ट्रेनिंग की तस्वीर शेयर की, जिसमें वह नईम अमीन के साथ नज़र आ रहे हैं। फोटो में नईम के हाथ में कोहली का बल्ला भी दिख रहा है। कोहली ने कैप्शन में लिखा – “तैयारी में मदद करने के लिए शुक्रिया भाई, आपको देखकर हमेशा अच्छा लगता है।”
कोहली ने आखिरी बार 9 मार्च 2025 को इंटरनेशनल मैच खेला था, जब उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में हिस्सा लिया था। उस मुकाबले में भारत ने 4 विकेट से जीत दर्ज कर दूसरी बार खिताब अपने नाम किया था।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सीमित ओवरों में खेलेंगे
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज 19 से 25 अक्टूबर के बीच खेली जाएगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 5 टी-20 मैच होंगे, लेकिन कोहली टी-20 प्रारूप में हिस्सा नहीं लेंगे।
टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से ले चुके हैं संन्यास
विराट कोहली पहले ही टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके हैं। उन्होंने 29 जून 2024 को टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी-20 इंटरनेशनल से अलविदा कहा था, और 12 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था। अब वह केवल वनडे प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

