एनएसटी न्यूज, भोपाल। 31वें आईईएस-डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में पीपुल्स और जनसंपर्क की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आसान जीत दर्ज की। ओल्ड कैंपियन मैदान पर दिन के पहले मैच में पीपुल्स ने प्रदेश टुडे को सात विकेट से पराजित किया, जबकि दूसरे मैच में जनसंपर्क ने वर्टेक्स रायल को 10 विकेट से हराया।
पहले मैच में प्रदेश टुडे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन पूरी टीम 16.3 ओवर में 73 रन पर सिमट गई। इसरार ने 17, शुभम ने 14 और कप्तान वॉमिक खान ने 10 रन बनाए। पीपुल्स की ओर से संजय शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। फराज और विवेक साध्य को दो-दो विकेट मिले, जबकि मनीष दीक्षित को एक सफलता मिली।
जवाब में पीपुल्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए मात्र 7.3 ओवर में तीन विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। विवेक साध्य ने 47 रनों की नाबाद और विस्फोटक पारी खेली। प्रदेश टुडे की ओर से हरीश ने दो और शुभम ने एक विकेट लिया। विवेक साध्य को मानसरोवर प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि संजय शर्मा को आरएनटीयू मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का पुरस्कार मिला। उन्हें सेज ग्रुप के एमडी करन खुराना ने सम्मानित किया।
दूसरे मुकाबले में वर्टेक्स रायल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 110 रन बनाए। रोहित ने 24 और प्रिंस ने 23 रन का योगदान दिया। जनसंपर्क की ओर से खरे ने तीन विकेट लिए, जबकि शुभम को दो सफलता मिली। जवाब में जनसंपर्क ने 8.1 ओवर में एक विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। अजय ने 49 और तोषी ने 33 रन की नाबाद पारी खेली। खरे को मानसरोवर प्लेयर ऑफ द मैच और अजय को आरएनटीयू मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर घोषित किया गया।
आज के मैच
टाइम्स ऑफ इंडिया बनाम विस्तार न्यूज – सुबह 9.00 बजे से
आरएनटीयू बनाम फीनिक्स – दोपहर 12.30 बजे से


