वेस्टइंडीज का ऐतिहासिक क्लीन स्वीप, बांग्लादेश को तीसरे टी-20 में 5 विकेट से हराया

0

चट्टोग्राम. वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को तीसरे टी-20 में 5 विकेट से हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। यह पहली बार है जब कैरेबियाई टीम ने विदेश में किसी टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। मुकाबले में तेज गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड ने हैट्रिक ली और प्लेयर ऑफ द सीरीज बने। उनकी गेंदबाजी ने ही मैच का रुख तय किया।

चट्टोग्राम में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश पहले बैटिंग करते हुए 151 रन पर ऑलआउट हो गया। तंजिद हसन तमीम ने 89 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से किसी बल्लेबाज ने उनका साथ नहीं दिया। सैफ हसन 23 रन बनाकर आउट हुए, इसके बाद बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। तंजिद और सैफ के अलावा कोई भी बल्लेबाज 10 रन तक नहीं पहुंच सका। वेस्टइंडीज की ओर से जेसन होल्डर और खैरी पीयर ने 2-2 विकेट लिए। अकील हुसैन और रोस्टन चेज को एक-एक विकेट मिला। शेफर्ड का प्रदर्शन सबसे खास रहा। उन्होंने नुरुल हसन, तंजिद और शोरिफुल इस्लाम को आउट कर हैट्रिक पूरी की।

152 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने भी शुरुआत में तीन विकेट गंवा दिए। एलिक एथनाज 1, ब्रैंडन किंग 8 और आमिर जंगू 34 रन बनाकर आउट हुए। मैच में कप्तानी कर रहे रोस्टन चेज ने अकीम ऑगस्टे के साथ पारी संभाली। दोनों ने 91 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। चेज और ऑगस्टे 50-50 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन काम पूरा कर चुके थे। अंत में रोवमन पॉवेल ने 5 और गुडाकेश मोती ने 3 रन बनाकर मैच को 17वें ओवर में खत्म किया।

बांग्लादेश के लिए रिशाद हुसैन ने 3 विकेट लिए। नसुम अहमद और मेहदी हसन को एक-एक सफलता मिली। वेस्टइंडीज ने पहला मैच 16 रन और दूसरा मैच 14 रन से जीता था। वनडे सीरीज बांग्लादेश ने 2-1 से अपने नाम की, लेकिन टी-20 में वेस्टइंडीज ने पूरी तरह दबदबा बनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here