कोलकाता। T20 विश्व कप 2026 में वेस्टइंडीज़ ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए ग्रुप C के अंतिम मुकाबले में इटली को 42 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज़ ने लगातार चौथा मैच जीता और स्कॉटलैंड, इंग्लैंड, नेपाल और इटली को पीछे छोड़ते हुए ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी वेस्टइंडीज़ की शुरुआत लड़खड़ाई और ब्रैंडन किंग (4) तथा शिमरॉन हेटमायर (1) जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान शे होप ने पारी को संभालते हुए रॉस्टन चेज़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 64 रन की अहम साझेदारी की। होप ने 46 गेंदों में 75 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें समय पर बड़े शॉट शामिल रहे।
हालांकि मध्यक्रम के अन्य बल्लेबाज़ बड़ी पारी नहीं खेल सके। चेज़ 24 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रोवमन पॉवेल (9) और जेसन होल्डर (9) भी सस्ते में चलते बने। अंत में शरफ़ेन रदरफ़ोर्ड ने 15 गेंदों में 28 और मैथ्यू फोर्ड ने 8 गेंदों में नाबाद 16 रन जोड़कर टीम को 165/6 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इटली की ओर से कालूगामगे और बेंजमिन मनेंटी ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 18 ओवर में 123 रन पर सिमट गई। बेंजमिन मनेंटी ने 26 रन बनाए, जबकि जे जे स्मट्स ने 24 रन का योगदान दिया।
वेस्टइंडीज़ की गेंदबाज़ी में शमार जोसेफ़ ने चार विकेट लेकर सबसे अहम भूमिका निभाई। मैथ्यू फोर्ड को तीन और गुडाकेश मोती को दो विकेट मिले। अनुशासित गेंदबाज़ी के सामने इटली की टीम कभी भी मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज़ ने सुपर 8 में अपने अभियान को लेकर मजबूत संदेश दिया है। अगले दौर में उसका सामना ज़िम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और मेज़बान भारत से होगा। वेस्टइंडीज़ 23 फरवरी को ज़िम्बाब्वे, 26 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका और 1 मार्च को भारत के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

