आईपीएल में धमाल मचाने के बाद वैभव सूर्यवंशी की अगली चुनौती क्या होगी?

0

नई दिल्ली : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के चैंपियन बनने के साथ ही आईपीएल 2026 का समापन हो गया। आरसीबी ने लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। हालांकि इस पूरे सीजन में सबसे ज्यादा चर्चा 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रही, जिन्होंने अपने धमाकेदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींच लिया।

वैभव ने आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप जीतकर सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए 16 मैचों में 776 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237.31 रहा, जो उनके आक्रामक खेल को दर्शाता है। पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें कई बड़े पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया।

विदेशी धरती पर नजर आएंगे वैभव सूर्यवंशी

IPL के समाप्त होने के बाद अब वैभव विदेशी धरती पर जलवा बिखरेते नजर आएंगे। दरअसल, हाल ही में वैभव सूर्यवंशी को इंडिया-ए टीम में शामिल किया गया। वह आगामी ट्राई सीरीज में भारत-ए का प्रतिनिधित्व करेंगे, जहां श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए की टीमें भी हिस्सा लेंगी। इंडिया-ए अपने अभियान की शुरुआत 9 जून को मेजबान श्रीलंका-ए के खिलाफ करेगी। इस सीरीज के जरिए वैभव पहली बार विदेशी परिस्थितियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आएंगे। क्रिकेट एक्सपर्ट की नजरें इस बात पर टिकी होंगी कि क्या वह IPL वाली फॉर्म को श्रीलंका में भी जारी रख पाते हैं।

पहला फर्स्ट क्लास मैच 2024 में खेला गया

वैभव सूर्यवंशी का क्रिकेट सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा है। उन्होंने सिर्फ 12 साल की उम्र में बिहार के लिए रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने भारतीय अंडर-19 टीम के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मात्र 58 गेंदों में शतक जड़कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
अब आईपीएल 2026 में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बाद वैभव भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित युवा सितारों में शामिल हो चुके हैं। फैंस को उम्मीद है कि यह युवा बल्लेबाज जल्द ही सीनियर भारतीय टीम की जर्सी में भी नजर आएगा। अगर वैभव इसी लय में इंडिया-ए के लिए रन बनाते रहे, तो टीम इंडिया का दरवाजा उनके लिए जल्द खुल सकता है।

इंडिया-ए का ट्राई सीरीज में शेड्यूल

9 जून: इंडिया-ए बनाम श्रीलंका-ए, दांबुला
11 जून: इंडिया-एबनाम अफगानिस्तान-ए, दांबुला
15 जून: इंडिया-ए बनाम श्रीलंका-ए, दांबुला
17 जून: इंडिया-ए बनाम अफगानिस्तान-ए, दांबुला
ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए टीम: तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here