नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 63वां मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच प्लेऑफ की रेस के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स ने अब तक 12 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसे 6 जीत और 6 हार मिली हैं। टीम के खाते में 12 अंक हैं और उसका नेट रनरेट +0.027 है। सीएसके फिलहाल अंक तालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद है और प्लेऑफ की उम्मीदें अभी भी बरकरार हैं। दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन इस सीजन काफी मजबूत रहा है। टीम ने 12 मैचों में 7 जीत दर्ज करते हुए 14 अंक हासिल किए हैं, जबकि उसे 5 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। +0.331 के बेहतर नेट रनरेट के साथ हैदराबाद की टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर बनी हुई है।
CSK vs SRH हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, किस टीम का पलड़ा भारी?
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अब तक 23 मैच खेले गए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हेड टू हेड में ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली सीएसके का पलड़ा भारी है। चेन्नई सुपर किंग्स ने 23 में से 15 मैच में जीत हासिल की है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद आठ मैच ही जीत पाई है।
चेन्नई का मौसम और चेपक पिच का मिजाज, किसे मिलेगा फायदा?
पिछले कुछ दिनों से चेन्नई का मौसम थोड़ा अनिश्चित रहा है। हालांकि, मैच के दिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। यह मुकाबला उसी पिच पर खेला जाएगा जिसका इस्तेमाल मुंबई इंडियंस के खिलाफ किया गया था। पिच से बल्लेबाजों को मदद मिलने की संभावना है। सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाजी कोच वरुण एरोन ने सुझाव दिया है कि जीतने के लिए 210 के आसपास का स्कोर काफी होगा। चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन काफी खुश दिखाई दिये। उनका मानना था कि हैदराबाद की तुलना में चेन्नई में पिच पर उछाल ज्यादा हो सकता है। इससे CSK को फायदा मिलेगा।
CSK vs SRH संभावित प्लेइंग 11, किस टीम में कौन पाएगा मौका?
चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन
चेन्नई सुपर किंग्स के ज्यादातर खिलाड़ियों ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले आयोजित अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया। हालांकि, टीम के दिग्गज एमएस धोनी ने नेट्स पर बल्लेबाजी का अभ्यास किया, जिससे उनके भविष्य को लेकर चल रही अटकलें और तेज हो गई हैं। इसी बीच जेमी ओवरटन की जगह टीम में शामिल हुए डियान फॉरेस्टर भी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़ गए हैं और उन्होंने रविवार, 17 मई को बल्लेबाजी का अभ्यास भी किया।
यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या CSK अपने निचले मध्यक्रम को मजबूत करने के लिए डियान फॉरेस्टर को सीधे प्लेइंग इलेवन में शामिल करती है। मुकेश चौधरी को अभिषेक शर्मा के खिलाफ संघर्ष करना पड़ा है। हालांकि, इस तेज गेंदबाज को इशान किशन के खिलाफ जबरदस्त सफलता मिली है। मुकेश चौधरी ने सिर्फ 7 गेंद में इशान किशन को तीन बार आउट किया है।
चेन्नई सुपर किंग्स की संभावित XII: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, डियान फॉरेस्टर/एमएस धोनी, नूर अहमद, अंशुल कम्बोज, स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी।
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन
सनराइजर्स हैदराबाद के खेमे में किसी नई चोट की कोई खबर नहीं है, जिससे टीम प्रबंधन को राहत मिली है। हालांकि, टीम के पास निचले क्रम की बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए अनिकेत वर्मा को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का विकल्प मौजूद है। इसके अलावा, सनराइजर्स हैदराबाद हर्ष दुबे को भी अंतिम एकादश में जगह देने पर विचार कर सकती है, खासकर इसलिए क्योंकि चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी लाइन-अप में ज्यादातर दाएं हाथ के बल्लेबाज शामिल हैं, जिससे स्पिन विकल्पों का फायदा उठाया जा सकता है।
पैट कमिंस का संजू सैमसन और शिवम दुबे के खिलाफ रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है। चूंकि ये दोनों खिलाड़ी मैच के अलग-अलग चरणों में बल्लेबाजी करते हैं, इसलिए पैट कमिंस को अपने ओवरों का इस्तेमाल बहुत सोच-समझकर करना होगा। पिछले मैच में हेनरिक क्लासेन ने 5वें नंबर पर बल्लेबाजी की थी, लेकिन SRH को उन्हें फिर से चौथे नंबर पर भेजना पड़ सकता है ताकि वह नूर अहमद का सामना करें। ऐसा इसलिए क्योंकि हेनरिक क्लासेन का कलाई के स्पिनर नूर अहमद के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है।
सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित XII: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, इशान किशन (विकेटकीपर), स्मरण रविचंद्रन, हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा/अनिकेत वर्मा, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच की लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स
- मुकाबला: IPL 2026 का 63वां मैच, चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद
- मैच की तारीख: 18 मई 2026 (सोमवार)
- टॉस का समय: शाम 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार)
- मैच शुरू होने का समय: शाम 7:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
- मैदान: एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई।
- सीधा प्रसारण: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच भारत में टीवी पर Star Sports (स्टार स्पोर्ट्स) नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर LIVE उपलब्ध होगा।
- लाइव स्ट्रीमिंग: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच की भारत में लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar वेबसाइट और ऐप पर उपलब्ध होगी।
चेन्नई-हैदराबाद मुकाबले के रोचक आंकड़े और रिकॉर्ड्स
- सनराइजर्स हैदराबाद के क्षेत्ररक्षकों ने आईपीएल 2026 में अब तक 24 कैच छोड़े हैं। यह किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा हैं। उनकी कैचिंग क्षमता 72.7% है, जो इस सीजन में किसी भी टीम द्वारा दूसरी सबसे खराब है।
- चेन्नई सुपर किंग्स की सलामी जोड़ी का रन-रेट (8.84) सबसे कम है और औसत (25.54) इस सीजन में दूसरा सबसे खराब है।
- हेनरिक क्लासेन आईपीएल इतिहास में सिर्फ 5वें ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने टूर्नामेंट के एक संस्करण में नंबर 4 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए 500 रन का आंकड़ा पार किया है।
- आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाज मुकेश चौधरी के खिलाफ अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड काफी मजबूत (220 के स्ट्राइक रेट से 66 रन और सिर्फ एक बार आउट हुए) है।
- चेन्नई सुपर किंग्स के स्पिनरों का इकॉनमी रेट 8.5 है। यह सीजन दूसरा सबसे बेहतरीन है। सीएसके के स्पिन अटैक की अगुआई अकील हुसैन और नूर अहमद कर रहे हैं।
- हेनरिक क्लासेन को नूर अहमद का सामना करना पसंद है। क्लासेन ने T20 मुकाबलों में नूर के खिलाफ 219 के स्ट्राइक रेट से 68 रन बनाए हैं और सिर्फ एक बार आउट हुए हैं।
- चेन्नई सुपर किंग्स ने एमए चिदंबरम स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए छह मुकाबलों मे से पांच में जीत हासिल की है।
- अंशुल कम्बोज की फॉर्म हाल ही में थोड़ी बिगड़ गई है। पिछले तीन मैचों मं उनका इकॉनमी रेट 14.9 रहा और सिर्फ दो विकेट लिए। इससे पहले 6 मुकाबलों में उन्होंने सात के इकॉनमी रेट से 12 विकेट लिए थे।
चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अंशुल कम्बोज, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी, गुरजापनीत सिंह, सरफराज खान, अकील होसेन, मैथ्यू शॉर्ट, मैट हेनरी, एमएस धोनी, श्रेयस गोपाल, डियान फॉरेस्टर, जैकरी फॉल्केस, राहुल चाहर, कुलदीप यादव, आकाश मधवाल, अमन खान, मैकनील नोरोन्हा।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम: ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), स्मरण रविचंद्रन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, अनिकेत वर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, कामिंदु मेंडिस, दिलशान मदुशंका, गेराल्ड को एत्जी, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी, क्रेंस फुलेत्रा, ओंकार तरमाले, आरएस अम्बरीश, अमित कुमार।


