नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आधे से ज्यादा सीजन बीत चुका है, लेकिन प्लेऑफ मुकाबलों के वेन्यू को लेकर सस्पेंस अभी भी बना हुआ है। इस बीच BCCI ने संकेत दिए हैं कि इस मुद्दे पर जल्द ही बड़ा फैसला लिया जा सकता है। दरअसल, IPL 2026 के लीग स्टेज के शेड्यूल का ऐलान दो चरणों में किया गया था। पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में चुनाव की तारीखों के चलते बोर्ड को शेड्यूल दो हिस्सों में जारी करना पड़ा था। हालांकि, अब तक प्लेऑफ मुकाबलों की तारीख और वेन्यू का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन ताजा अपडेट के मुताबिक जल्द ही इस पर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार , BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि बोर्ड प्लेऑफ और फाइनल के लिए सही स्थान तय करने पर काम कर रहा है और अगले एक-दो दिन में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने संभावित वेन्यू को लेकर किसी तरह की पुष्टि करने से इनकार करते हुए कहा कि अभी अनुमान लगाते रहिए, इसका फैसला जल्द हो जाएगा
गौरतलब है कि पिछले सीजन में भी वेन्यू को लेकर कई बदलाव देखने को मिले थे। मुल्लांपुर स्टेडियम में कुछ मुकाबले शिफ्ट किए गए थे, जबकि ईडन गार्डन्स में होने वाला फाइनल शेड्यूल में बदलाव के कारण नहीं हो सका। बाद में फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया गया था।
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मौजूदा सीजन का फाइनल 31 मई को खेले जाने की पूरी संभावना है, जबकि प्लेऑफ मुकाबले 26 मई से शुरू हो सकते हैं। ऐसे में अब सभी की नजरें BCCI के अंतिम फैसले पर टिकी हैं, जो जल्द ही सामने आ सकता है। संभावित शेड्यूल के अनुसार 26 मई को क्वालीफायर-1, 27 मई को एलिमिनेटर, 29 मई को क्वालीफायर-2 और 31 मई को फाइनल मुकाबला खेला जा सकता है, जिससे टूर्नामेंट अपने रोमांचक अंतिम चरण में प्रवेश करेगा।


