‘किस गेंदबाज से डर लगता है?’ वैभव के जवाब पर जडेजा बोले- मार्केट में कोई आया नहीं

0

नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी के लिए आईपीएल 2026 बेहद शानदार रहा। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाकर विराट कोहली, शुभमन गिल और साई सुदर्शन जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ते हुए ऑरेंज कैप अपने नाम की। वैभव अपनी बेहतरीन स्ट्रोक-प्ले और निडर बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं। आईपीएल के दौरान उन्होंने जसप्रीत बुमराह, पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और कगिसो रबाडा जैसे दुनिया के शीर्ष गेंदबाजों के खिलाफ भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए खूब रन बनाए।

बुधवार को राजस्थान रॉयल्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वैभव सूर्यवंशी से पूछा गया कि क्या उन्हें किसी गेंदबाज का सामना करने में डर लगता है। वैभव ने पूरे आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया कि उन्हें किसी भी गेंदबाज से डर नहीं लगता। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एंकर ने बार-बार उनसे किसी एक ऐसे गेंदबाज का नाम बताने को कहा, जिसके खिलाफ वह बल्लेबाजी नहीं करना चाहेंगे, लेकिन वैभव का जवाब वही रहा—“ऐसा कोई नहीं है।” महज चार शब्दों का यह जवाब उनके बेखौफ आत्मविश्वास को दिखाता है, जिसने 15 साल की उम्र में ही उन्हें क्रिकेट प्रशंसकों के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया है।

वैभव के सामने गेंदबाज बेअसर, डराने वाला कोई नहीं

वैसे इस वीडियो में जब वैभव बता रहे थे कि उन्हें किसी गेंदबाज से डर नहीं लगता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसके बाद एंकर ने उन्हें जोर देकर कहा कि आप जोफ्रा आर्चर का ही नाम ले लो तब भी वैभव ने कहा कि उन्हें किसी से डर नहीं लगता है और इसी बीच रविंद्र जडेजा ने कहा कि वैभव को कोई डरा दे ऐसा कोई गेंदबाज मार्केट में अब तक आया नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस वीडियो में वैभव ने बात करते हुए कहा कि वो कई कार्टून देखते हैं और उन्हें सब पसंद है। वहीं उन्होंने कहा कि वो यशस्वी जायसवाल के साथ बल्लेबाजी करना सबसे ज्यादा पसंद करते हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जब वैभव सूर्यवंशी से उनकी बल्लेबाजी को एक शब्द में बयां करने के लिए कहा गया तो उन्होंने “फियरलेस” कहा। वहीं, जब रविंद्र जडेजा से वैभव को बॉलीवुड के किसी एक डायलॉग से परिभाषित करने को कहा गया तो उन्होंने बिना देर किए कहा, “हम जहां से खड़े होते हैं, लाइन वहीं से शुरू होती है।” मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसके बाद वैभव से पूछा गया कि राजस्थान रॉयल्स कैंप में वह किसके सबसे ज्यादा करीब हैं, तो उन्होंने रविंद्र जडेजा का नाम लिया। वहीं घर जाकर पसंदीदा डिश के सवाल पर वैभव ने कहा कि उन्हें मां के हाथ का बना हुआ कुछ भी खाना पसंद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here