ODI में औसत का बादशाह कौन? भारतीय कोच शीर्ष पर, गिल-कोहली भी टॉप-4 में

0

नई दिल्ली : भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल का बल्लेबाजी औसत इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। गिल ने 60 से अधिक की औसत से 3300 से ज्यादा रन बनाकर खुद को मौजूदा दौर के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल कर लिया है। हालांकि, वनडे क्रिकेट में उनसे भी बेहतर औसत रखने वाले कुछ बल्लेबाज मौजूद हैं। इस सूची में सबसे ऊपर भारतीय टीम के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे का नाम है, जिनका बल्लेबाजी औसत वनडे इतिहास में सबसे अधिक माना जाता है।

नीदरलैंड्स के पूर्व क्रिकेटर रेयान टेन डोएशे ने वनडे क्रिकेट में 67 से अधिक की औसत से 1500 से ज्यादा रन बनाए हैं। वहीं, अमेरिका के मिलिंद कुमार ने 63 से ज्यादा की औसत से 1200 से अधिक रन बनाए हैं। इस सूची में टेन डोएशे और मिलिंद कुमार के बाद शुभमन गिल तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, विराट कोहली इस सूची में चौथे नंबर पर काबिज हैं। उन्होंने वनडे क्रिकेट में 58 से अधिक की औसत से 14,000 से ज्यादा रन बनाकर इस प्रारूप के सबसे सफल बल्लेबाजों में अपनी जगह मजबूत की है।

57 से ज्यादा औसत वाले डेरिल मिचेल भी एलीट क्लब में शामिल

वनडे रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने 57 से ज्यादा के औसत से 2800 से ज्यादा रन बनाए हैं। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर डेविड मलान ने 55 से ज्यादा के औसत से 1450 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन फिनिशर माइकल बेवन ने 53 से ज्यादा के औसत से 6900 से ज्यादा रन बनाए हैं।

वनडे के टॉप-10 बल्लेबाज, सभी का औसत 51 से ऊपर

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स ने वनडे क्रिकेट में 53 से अधिक की औसत से 9000 से ज्यादा रन बनाए हैं। वहीं, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम ने 53 से ज्यादा की औसत के साथ 6600 से अधिक रन बनाए हैं। इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट ने भी 51 से अधिक की औसत से 2800 से ज्यादा रन अपने नाम किए हैं। दिलचस्प बात यह है कि वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बल्लेबाजी औसत वाले टॉप-10 खिलाड़ियों की सूची में शामिल हर बल्लेबाज का औसत 51 से अधिक है, जो उनकी निरंतरता और बेहतरीन प्रदर्शन को दर्शाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here