नई दिल्ली : वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 9 जनवरी से होने जा रही है, लेकिन उससे पहले ही भारतीय महिला क्रिकेट में कप्तानी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। दिल्ली कैपिटल्स की खिलाड़ी मैरिजैन कैप ने हरमनप्रीत कौर के बाद जेमिमा रोड्रिग्स को भारत की अगली कप्तान बनने के लिए समर्थन दिया है। हाल ही में जेमिमा रोड्रिग्स को 2026 वीमेंस प्रीमियर लीग के लिए दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी सौंपी गई है, जहां उन्होंने अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मेग लैनिंग की जगह ली है। मेग लैनिंग अब यूपी वॉरियर की कप्तानी करती नजर आएंगी, जबकि जेमिमा को भविष्य की लीडर के तौर पर देखा जा रहा है।
जेमिमा रोड्रिग्स में कप्तानी के सभी गुण, टीम को आगे ले जाने की पूरी क्षमता
हालांकि जेमिमा ने घरेलू क्रिकेट में मुंबई की कप्तानी की है, लेकिन उन्होंने अभी तक नेशनल टीम या वीमेंस प्रीमियर लीग में कप्तानी नहीं की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कैप ने कहा कि जेमिमा में सफल होने के लिए पर्सनैलिटी और लीडरशिप क्वालिटीज हैं और अपने आस-पास की अनुभवी खिलाड़ियों के साथ वह जरूर कामयाब होंगी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक इंटरव्यू में मैरिजैन कैप ने कहा कि उन्होंने कुछ साल पहले ही यह राय रखी थी कि जेमिमा रोड्रिग्स को भारत की अगली कप्तान बनना चाहिए। कैप के मुताबिक जेमिमा हमेशा से एक लीडर रही हैं और उनकी पर्सनैलिटी, टीम को साथ लेकर चलने की क्षमता और केयरिंग नेचर उन्हें खास बनाती है। उन्होंने यह भी माना कि अनुभवी कप्तानों को भी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन जेमिमा के आसपास कई सीनियर खिलाड़ी मौजूद हैं। कैप को भरोसा है कि जेमिमा इस मौके को दोनों हाथों से भुनाएंगी और खुद को एक सफल लीडर के तौर पर साबित करेंगी।
जेमिमा रोड्रिग्स को महिला वर्ल्ड कप में उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला, जहां भारत ने खिताब अपने नाम किया था। सेमीफाइनल में उन्होंने अपना पहला वर्ल्ड कप शतक जड़ा, जिसकी बदौलत ऑस्ट्रेलिया का टूर्नामेंट से सफर खत्म हो गया। हालांकि टूर्नामेंट की शुरुआत उनके लिए आसान नहीं रही थी और वह श्रीलंका व साउथ अफ्रीका के खिलाफ शून्य पर आउट हो गई थीं, लेकिन इसके बाद जेमिमा ने जोरदार वापसी करते हुए खुद को साबित किया। कैप ने यह भी स्वीकार किया कि कप्तान के तौर पर मेग लैनिंग का दिल्ली कैपिटल्स से जाना टीम के लिए एक बड़ा झटका था। लैनिंग ने WPL के तीनों एडिशन में दिल्ली कैपिटल्स को पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचाया था और टीम को लगातार रनर-अप बनने में अहम भूमिका निभाई थी।

