साउथ अफ्रीका के बाद अगला मुकाबला किससे? टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल जारी

0

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम इस साल का अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने के लिए तैयार है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और निर्णायक मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद टीम इंडिया अगले साल फिर से मैदान में उतरेगी। इस सीरीज का पूरा शेड्यूल खास है, क्योंकि इसी के बाद भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के साथ मैदान में उतरेगी।

भारत दौरे पर न्यूजीलैंड: जनवरी में होगी बड़ी सीरीज

अगले साल यानी 2026 की शुरुआत में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आने वाली है। इस दौरे की शुरुआत तीन मैचों की वनडे सीरीज से होगी, जिसके बाद पांच टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जाएंगे। यह सीरीज काफी अहम मानी जा रही है। वनडे सीरीज में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर मैदान में नजर आएंगे। साल 2025 में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली यह तीन मैचों की वनडे सीरीज तय करेगी कि रोहित शर्मा और विराट कोहली साल 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप का हिस्सा होंगे या उससे पहले ही टीम से बाहर हो जाएंगे। यही वजह है कि इस सीरीज को लेकर फैंस में खासा उत्साह है।

वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया की निर्णायक सीरीज

इसके बाद जब टी20 सीरीज की शुरुआत होगी, तो उसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली नजर नहीं आएंगे। हालांकि, यह सीरीज टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली इस सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप के लिए बीसीसीआई एक ही टीम का चयन करेगी। केवल किसी खिलाड़ी के चोटिल होने की स्थिति में ही टीम में बदलाव किया जाएगा, अन्यथा वही टीम टूर्नामेंट में उतरेगी। ऐसे में खिलाड़ियों पर दबाव होगा कि वे इस सीरीज में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके चयनकर्ताओं को प्रभावित करें।

20 दिसंबर को घोषित हो सकती है टीम इंडिया

उम्मीद जताई जा रही है कि 20 दिसंबर को बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी दोपहर करीब डेढ़ बजे भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर सकती है। इसी दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज, उसके बाद होने वाली टी20 सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम की घोषणा किए जाने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक, वनडे सीरीज की शुरुआत 11 जनवरी से होगी और यह 18 जनवरी तक चलेगी। इसके बाद 21 जनवरी से पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी, जो 31 जनवरी तक खेली जाएगी। यानी अगले महीने टीम इंडिया को लगातार क्रिकेट खेलना होगा।

भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का शेड्यूल

11 जनवरी : पहला वनडे मैच : बड़ोदरा
14 जनवरी : दूसरा वनडे मैच : राजकोट
18 जनवरी : तीसरा वनडे मैच : इंदौर

भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज का पूरा शेड्यूल

21 जनवरी : पहला टी20 मैच : नागपुर
23 जनवरी : दूसरा टी20 मैच : रायपुर
25 जनवरी : तीसरा टी20 मैच : गुवाहाटी
28 जनवरी : चौथा टी20 मैच : विशाखापट्टनम
31 जनवरी : पांचवां टी20 मैच : तिरुवनंतपुरम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here