23.7 C
New Delhi
Friday, March 13, 2026

विराट कोहली–रोहित शर्मा विजय हजारे ट्रॉफी में क्यों नहीं उतरे मैदान पर? जानिए वजह

नई दिल्ली : इस समय भारतीय क्रिकेट टीम इंटरनेशनल क्रिकेट से ब्रेक पर है, लेकिन देश में विजय हजारे ट्रॉफी खेली जा रही है, जो वनडे फॉर्मेट का घरेलू टूर्नामेंट है। वैसे तो यह टूर्नामेंट हर साल आयोजित होता है, लेकिन इस बार विराट कोहली और रोहित शर्मा की मौजूदगी के कारण इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने शुरुआती दो मुकाबले खेले, लेकिन जब तीसरे मैच की बारी आई तो वे प्लेइंग इलेवन में नजर नहीं आए। इसके बाद फैंस के बीच यह सवाल उठने लगा कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि दोनों खिलाड़ी एक्शन से बाहर हैं। आइए जानते हैं इसके पीछे की असली वजह।

पहले ही मैच में विराट कोहली और रोहित शर्मा ने जड़े थे शतक

विजय हजारे ट्रॉफी में अब सभी टीमें अपने-अपने तीसरे मुकाबले के लिए मैदान में उतर चुकी हैं। पहले दो मैचों में विराट कोहली और रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। पहले मुकाबले में दोनों ने शतकीय पारियां खेलीं और चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। वहीं दूसरे मैच में भले ही रोहित शर्मा बड़ा स्कोर नहीं बना पाए, लेकिन विराट कोहली ने एक बार फिर अर्धशतक जमाकर अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया।

बीसीसीआई के नियम के अनुसार दो मैच खेलना अनिवार्य

अब बात करते हैं आज के मुकाबले की। विजय हजारे ट्रॉफी में रोहित शर्मा मुंबई की ओर से खेलते हैं, जबकि विराट कोहली दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आते हैं। आज दोनों टीमें मैदान पर हैं, लेकिन रोहित और कोहली प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं हैं। दरअसल, बीसीसीआई ने यह नियम तय किया था कि भारत के लिए खेलने वाले सभी खिलाड़ियों को विजय हजारे ट्रॉफी में कम से कम दो मैच खेलना अनिवार्य होगा। इसके बाद खिलाड़ी चाहें तो आगे खेल सकते हैं या आराम ले सकते हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ने अपने-अपने दो मैच खेल लिए हैं, इसलिए बीसीसीआई के नियम के अनुसार अब उनके लिए आगे खेलना जरूरी नहीं है। हालांकि, विराट कोहली को लेकर खबर है कि वह 6 जनवरी को दिल्ली और रेलवे के बीच होने वाले मुकाबले में फिर से मैदान पर उतर सकते हैं।

भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज की शुरुआत 11 जनवरी से

इसके बाद 11 जनवरी से भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत होगी। फिलहाल इस सीरीज के लिए बीसीसीआई ने भारतीय टीम का ऐलान नहीं किया है, लेकिन लगभग तय माना जा रहा है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा टीम का हिस्सा होंगे। उम्मीद है कि नए साल की शुरुआत में ही इस वनडे सीरीज के लिए स्क्वॉड की घोषणा कर दी जाएगी। चूंकि सीरीज भारत में ही खेली जानी है, इसलिए खिलाड़ियों को एकजुट होने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। साथ ही सेलेक्टर्स को विजय हजारे ट्रॉफी के जरिए खिलाड़ियों के मौजूदा फॉर्म को परखने का भी अच्छा मौका मिलेगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles