इशान किशन फिर मचाएंगे बल्ले से धमाल? क्या सूर्यकुमार यादव कर पाएंगे बराबरी

0

नई दिल्ली : टीम इंडिया में वापसी के बाद से इशान किशन ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया है कि हर कोई हैरान है। आमतौर पर वह भारत–न्यूजीलैंड सीरीज में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरते हैं, लेकिन संजू सैमसन के जल्दी आउट होने के कारण उन्हें पावरप्ले में ही खेलने का मौका मिल रहा है, जिसका वह पूरा फायदा उठा रहे हैं। विशाखापत्तनम में इशान किशन का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है और यहां वह एक बार फिर आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर सकते हैं। इसी मुकाबले में इशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव के बीच एक दिलचस्प बल्लेबाजी की जंग देखने को मिल सकती है।

तीन मुकाबलों में इशान किशन का दमदार प्रदर्शन

लंबे इंतजार के बाद इशान किशन की भारतीय टीम में वापसी हुई। न्यूजीलैंड के खिलाफ नागपुर में पहले मैच में वह सिर्फ आठ रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन अगले ही मुकाबले में उन्होंने साबित कर दिया कि उन्हें टीम में क्यों मौका दिया गया है। रायपुर में खेले गए दूसरे मैच में किशन ने विस्फोटक अंदाज में 76 रनों की शानदार पारी खेली। इसके बाद तीसरे मैच में भी उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 28 रन जोड़े।

विशाखापट्टनम में दो मैचों में दो अर्धशतक जड़ चुके हैं इशान किशन

अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला विशाखापट्टनम में खेला जाएगा, जहां इशान किशन का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। यह मैदान उनके लिए काफी लकी साबित हुआ है। विशाखापट्टनम में किशन ने अब तक केवल दो टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और इन मुकाबलों में उन्होंने कुल 112 रन बनाए हैं। इस मैदान पर टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी वही हैं। खास बात यह है कि दोनों ही पारियों में उनके बल्ले से अर्धशतक निकले हैं और यहां उनका औसत 56 का रहा है। इस मैदान पर इशान किशन ने अब तक सात छक्के जड़े हैं, जबकि उनसे ज्यादा सिक्स सिर्फ जोश इंग्लिस ने लगाए हैं, जिनके नाम आठ छक्के दर्ज हैं।

सूर्यकुमार यादव को भी खूब रास आता है विशाखापट्टनम का मैदान

इस बीच बात अगर कप्तान सूर्यकुमार यादव की करें तो वे भी ज्यादा पीछे नहीं हैं। सूर्य ने विशाखापट्टनम में अब तक केवल एक ही मैच खेला है, इसमें उन्होंने 80 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी। उन्होंने चार छक्के और 9 चौके लगाए हैं। अब जब आज का मैच रात में खत्म होगा तो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज इशान ही रहेंगे या फिर सूर्या इस पर कब्जा कर लेंगे, ये देखना जरूर दिलचस्प होगा।

तीन में से दो पारियों में अर्धशतक, लगातार दो मैचों से नाबाद सूर्या

सूर्यकुमार यादव लंबे समय से अपने खराब फॉर्म से जूझते नजर आ रहे थे, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि उन्होंने अपनी लय दोबारा हासिल कर ली है। इस सीरीज के पहले मुकाबले में सूर्या 32 रन बनाकर आउट हुए थे, मगर इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की। दूसरे मैच में उन्होंने नाबाद 82 रन की बेहतरीन पारी खेली, वहीं अगले मुकाबले में भी 57 रन बनाकर नाबाद लौटे। खास बात यह रही कि उन्होंने आक्रामक अंदाज में रन बनाते हुए टीम इंडिया को जीत दिलाई। इस प्रदर्शन से सूर्यकुमार का आत्मविश्वास जरूर बढ़ा होगा। अब सभी को आज शाम के मुकाबले का इंतजार है, जहां देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम कैसा खेल दिखाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here