- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुझाव पर लिया गया निर्णय, महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने और अधिक से अधिक महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16, 18 एवं 20 अक्टूबर 2026 को खेले जाने वाले तीनों टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में महिलाओं को निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उन्हें भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाली टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के सुझाव पर सभी मैचों में महिलाओं के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया।
इस पहल का उद्देश्य महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना, महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना और अधिक से अधिक दर्शकों को स्टेडियम पहुंचकर भारतीय महिला टीम का समर्थन करने के लिए प्रेरित करना है।
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाली यह सीरीज छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का रोमांच देखने का अवसर होगी। इन मुकाबलों में भारतीय टीम की स्टार खिलाड़ियों को खेलते हुए देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहने की उम्मीद है।
मैचों का कार्यक्रम
- 16 अक्टूबर 2026: पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला
- 18 अक्टूबर 2026: दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला
- 20 अक्टूबर 2026: तीसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला
स्थान: शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर।
महिलाओं के लिए तीनों मुकाबलों में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था महिला क्रिकेट के प्रति रुचि बढ़ाने और खेल के मैदान में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक अहम कदम है।


