विशाखापट्टनम. विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टीम ने विशाखापट्टनम में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश को 10 विकेट से हराया। बांग्लादेश ने पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट पर 198 रन बनाए, जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 24.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान एलिसा हीली ने केवल 73 गेंदों पर नाबाद 113 रन की पारी खेली, जिसमें 20 चौके शामिल रहे। उनके साथ फीबी लिचफील्ड ने 84 रन की नाबाद पारी खेलते हुए 202 रन की साझेदारी की।

बिखर गई बांग्लादेश की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश टीम ने अच्छी शुरुआत के बाद लगातार विकेट गंवाए। रुबिया हैदर ने 44 और सोभना ने नाबाद 66 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज़ बड़ी पारी नहीं खेल सकी और टीम 198 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से अलाना किंग, जॉर्जिया वेयरहम, एश्ले गार्डनर और एनाबेल सदरलैंड ने 2-2 विकेट हासिल किए।
रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन से इतिहास रचा
ऑस्ट्रेलिया की यह 2005 के बाद पहली 10 विकेट से जीत रही। विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में टीम ने अब तक 8 बार बगैर विकेट गंवाए मुकाबला जीता है, जो किसी भी टीम से सबसे ज्यादा है। हीली ने वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी सेंचुरी लगाई और ऐसा करने वाली दूसरी खिलाड़ी बनीं। इससे पहले 1997 में डेबी हॉकली ने यह उपलब्धि हासिल की थी। ऑस्ट्रेलिया की हीली और लिचफील्ड की 202 रन की साझेदारी वर्ल्ड कप इतिहास में टीम की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप रही।


