Women’s T20 World Cup: न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर अपना पहला महिला टी20 विश्व कप खिताब जीता

0

नई दिल्ली: न्यूजीलैंड ने रविवार 20 अक्टूबर की रात दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर दक्षिण अफ्रीका को 32 रन से हराकर अपना पहला महिला टी20 विश्व कप खिताब जीता। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ एमेलिया केर ने बल्ले से सबसे ज्यादा 43 रन बनाने के बाद 3 विकेट चटका कर मैच पर न्यूजीलैंड का दबदबा कायम किया। न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए यह रविवार ऐतिहासिक रहा। उसने 36 साल बाद भारत में अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज करने के कुछ ही घंटों बाद आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की।

3 फाइनल और उप विजेता से संतोष

दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका का फिर से दिल टूट गया। तीन फाइनल और दक्षिण अफ्रीका को दूसरे पुरस्कार से संतोष करना पड़ा। पिछले साल केपटाउन में उपविजेता, बारबाडोस में पुरुषों के फाइनल में और अब दुबई में फिर से उपविजेता। दक्षिण अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में गत विजेता ऑस्ट्रेलिया को हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई थी।

बहुत अच्छा खेलीं न्यूजीलैंड की बॉलर्स

न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को 8 रन से हराया था। फाइनल की बात करें तो 159 रन का लक्ष्य एक धीमी पिच पर बहुत अधिक था, जहां गेंद रुक रही थी। न्यूजीलैंड की बॉलर्स ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया, जैसाकि उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में किया। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया।

न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 158 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए एमेलिया केर ने 38 गेंद में 43 रन की पारी खेली। ब्रुक हॉलिडे ने 28 गेंद में 38 रन बनाए। ओपनर सूजी बेट्स ने 31 गेंद में 32 रन बनाए। नॉनकुलुलेको म्लाबा ने साउथ अफ्रीका के लिए 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट लिए। बाद में न्यूजीलैंड की बॉलर्स दक्षिण अफ्रीकी बैटर्स को रोकने में सफल रहीं।

दक्षिण अफ्रीका का बिना परखा हुआ मध्यक्रम न्यूजीलैंड की गेंदबाजों की ओर से डाले गए दबाव का जवाब नहीं दे पाया। दक्षिण अफ्रीका की बैटर्स पर्याप्त गति से रन नहीं बना पाईं और 20 ओवर में नौ विकेट पर 126 रन ही बना सकीं। एमेलिया केर ने अपनी लेग स्पिन से भी कमाल दिखाया और 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए। न्यूजीलैंड के लिए एमेलिया केर के अलावा रोजमेरी मेयर ने भी 3 विकेट चटकाये। ईडन कार्सन, फ्रैन जोनस और हॉलिडे को 1-1 सफलता मिली।

संक्षिप्त स्कोर

न्यूजीलैंड 20 ओवर में 158/5 (एमेलिया केर 43, ब्रुक हॉलिडे 38; नॉनकुलुलेको म्लाबा 2/31)। दक्षिण अफ्रीका 20 ओवर में 126/9 (लॉरा वोल्वार्ड्ट 33, एमेलिया केर 3/24)।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here