महिला टी20 विश्व कप: सेमीफ़ाइनल में पहुंचने के लिए भारत को करना होगा दमदार प्रदर्शन

0

मैनचेस्टर। महिला टी20 विश्व कप में साउथ अफ़्रीका के हाथों मिली हार के बाद भारतीय टीम के लिए सेमीफ़ाइनल की राह कठिन हो गई है। ग्रुप ए में अब सेमीफ़ाइनल की दौड़ बेहद रोमांचक हो गई है और भारत का भविष्य उसके बचे हुए मुकाबलों के साथ अन्य टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर करेगा। ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों में छह अंक और 4.391 के शानदार नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर है। उसके दो मुकाबले पाकिस्तान और भारत से बाकी हैं। यदि ऑस्ट्रेलिया पाकिस्तान को हरा देता है तो उसकी सेमीफ़ाइनल की दावेदारी लगभग तय हो जाएगी, जबकि भारत पर जीत उसे अंतिम चार में पहुंचा देगी।

भारत के तीन मैचों में चार अंक और 2.511 का बेहतर नेट रन रेट है। टीम को अब बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। हालांकि सिर्फ दो जीत काफी नहीं होंगी। यदि साउथ अफ़्रीका भी अपने दोनों शेष मैच जीतकर आठ अंक हासिल कर लेता है तो सेमीफ़ाइनल का फैसला नेट रन रेट से होगा। फिलहाल इस मामले में भारत को बढ़त हासिल है।

साउथ अफ़्रीका के भी तीन मैचों में चार अंक हैं, लेकिन उसका नेट रन रेट -0.546 है। यदि वह नीदरलैंड्स और बांग्लादेश को हराने में सफल रहता है और ऑस्ट्रेलिया भारत को हरा देता है तो वह सीधे सेमीफ़ाइनल में पहुंच जाएगा।

बांग्लादेश के भी चार अंक हैं, लेकिन उसका नेट रन रेट -0.641 है। उसके सामने भारत और साउथ अफ़्रीका जैसी मजबूत टीमों की चुनौती है। सेमीफ़ाइनल में पहुंचने के लिए बांग्लादेश को दोनों मुकाबले जीतने होंगे और अन्य मैचों के परिणाम भी उसके पक्ष में आने होंगे। ऐसे में ग्रुप ए से अंतिम चार में पहुंचने की जंग अब आखिरी लीग मुकाबलों तक रोमांचक बनी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here