Womens World Cup 2025: दीप्ति शर्मा का जलवा, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम

0

नई दिल्ली: महिला विश्व कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। खिताबी मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से मात देकर विश्व चैंपियन का ताज अपने नाम किया। इस यादगार जीत की नायिका रहीं दीप्ति शर्मा, जिन्होंने बल्ले से 58 रनों की अहम पारी खेली और गेंदबाजी में पांच विकेट लेकर मैच का रुख ही पलट दिया। दीप्ति का जलवा पूरे टूर्नामेंट में कायम रहा — वे न केवल फाइनल की हीरो बनीं, बल्कि टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज भी रहीं।

दीप्ति शर्मा फाइनल से पहले ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड के बराबर थीं। मगर फाइनल मुकाबले में 39 रन देकर पांच विकेट लेते हुए वह टूर्नामेंट की नंबर 1 गेंदबाज बन गईं। उन्होंने 9 मैचों में 22 विकेट अपने नाम किए। वहीं वर्ल्ड कप फाइनल में पांच विकेट लेने वाली और अर्धशतक बनाने वह पहली महिला क्रिकेटर भी बन गई हैं। इस टूर्नामेंट में सिर्फ गेंद ही नहीं बल्ले से भी दीप्ति ने कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।

महिला विश्व कप 2025 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज
  • दीप्ति शर्मा- 22 विकेट (9 मैच)
  • एनाबेल सदरलैंड- 17 विकेट (7 मैच)
  • सोफी एक्लेस्टोन- 16 विकेट (7 मैच)
  • श्री चरणी- 14 विकेट (9 मैच)
  • अलाना किंग- 13 विकेट (7 मैच)
दीप्ति के बल्ले से निकले तीन शानदार अर्धशतक

दीप्ति शर्मा ने इस टूर्नामेंट में तीन अर्धशतक भी लगाए हैं। फाइनल मुकाबले में उन्होंने 58 रन बनाए और इस टूर्नामेंट में यह उनका सर्वोच्च स्कोर था। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में भारत के लिए कुल 215 रन बनाए। उन्होंने लीग स्टेज में श्रीलंका के खिलाफ बेहतरीन पारी खेली थी। वहीं सेमीफाइनल में भी उन्होंने महत्वपूर्ण पारी खेलकर जेमिमा रोड्रिग्स का साथ दिया था।

52 साल बाद चमका भारत का भाग्य

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए 52 साल में पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। यह भारत का तीसरा वर्ल्ड कप फाइनल था। इससे पहले 2005 और 2017 में टीम इंडिया खिताब के करीब पहुंचकर भी जीत से चूक गई थी, और दोनों बार कप्तान मिताली राज को निराशा झेलनी पड़ी थी। मगर इस बार हरमनप्रीत कौर की अगुआई में टीम ने अधूरा सपना पूरा कर दिखाया। इसी के साथ भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बाद वर्ल्ड कप जीतने वाली चौथी महिला टीम बन गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here