नई दिल्ली : नई दिल्ली के इंदिरा गांधी एरिना में जारी विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के चौथे दिन भारत की महिला डबल्स जोड़ी त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। विश्व रैंकिंग में 39वें स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान की सातवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी को हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया। अब त्रीसा और गायत्री की जोड़ी भारत के लिए पदक पक्का करने से सिर्फ एक जीत दूर है।
त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय महिला युगल जोड़ी ने गुरुवार को जापान की रिन इवानागा और की नाकानिशी को सीधे गेम में हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया। भारत की गैर वरीयता प्राप्त जोड़ी ने एकतरफा मुकाबले में रिन और नाकानिशी को 21-16 21-12 से हराया। आपको बता दें कि यह जोड़ी चोट के कारण ढाई महीने के ब्रेक के बाद इस टूर्नामेंट में कोर्ट पर उतरी है।
हाल ही में अर्जुन पुरस्कार के लिए चुनी गईं त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने इस मुकाबले में शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया और जापानी जोड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। भारतीय जोड़ी इससे पहले 2022 और 2023 में लगातार दो साल ऑल इंग्लैंड ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। हालांकि, इस साल की शुरुआत में त्रीसा के टखने में चोट लगने के कारण दोनों को कुछ टूर्नामेंट से बाहर रहना पड़ा था।
क्वार्टर फाइनल में कड़ी परीक्षा, वर्ल्ड नंबर-4 जोड़ी से मुकाबला
त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने इंडोनेशिया ओपन में वापसी की थी और इस महीने की शुरुआत में फिलीपीन इंटरनेशनल चैलेंज का खिताब भी अपने नाम किया। अब यह भारतीय जोड़ी विश्व चैंपियनशिप में पदक पक्का करने से सिर्फ एक जीत दूर है। अगर त्रीसा और गायत्री सेमीफाइनल में जगह बना लेती हैं, तो भारत का कम से कम कांस्य पदक तय हो जाएगा। हालांकि, अंतिम-8 में उनके सामने कड़ी चुनौती होगी, जहां उनका सामना विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज चीन की जिया यी फान और झांग शू शियान की जोड़ी से होगा।


