प्रमोद, तपन, यश व शेखर सेमीफाइनल में पहुंचे, महाजन फाइनल में
इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट में मास्टर्स खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन जारी
इंदौर: मध्यप्रदेश के प्रमोद दीक्षित, तपन शर्मा, यश विद्यार्थी, शेखर तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टेनिस संघ व मध्यप्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में आयोजित तथा येलो डायमण्ड व मोयरा सरिया द्वारा प्रायोजित वर्ल्ड टेनिस टूर इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन एमटी 700 मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के अपने-अपने आयु वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश किया वहीं म.प्र. के ही इंद्रकुमार महाजन ने फाइनल में प्रवेश किया।
इन्दौर टेनिस क्लब में खेली जा रही इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टेनिस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने फाइनल और सेमीफाइनल में दस्तक दी। 40 वर्ष आयु वर्ग के सेमीफाइनल में इंद्र कुमार महाजन ने शालीन भट्ट को सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से हराकर खिताब की ओर कदम बढ़ाया। दोनों ही सेट में महाजन ने अपना दमदार खेल दिखाया और विपक्षी खिलाड़ी शालीन की लगातार सर्विस ब्रेक करते हुए जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
65वर्ष आयु वर्ग के क्वार्टर फाइनल में म.प्र. ने प्रमोद दीक्षित ने चौथी वरीयता प्राप्त प्रदेश के ही ओ.पी. दीक्षित को 6-3, 2-6, 6-3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं एक अन्य क्वार्टर फाइनल में शीर्षवरीयता प्राप्त मारेशियस के जमाल सकाली ने गिरधारीलाल उपाध्याय को 6-0, 6-2 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। इसी आयु वर्ग में प्रदेश के शैलेंद्र करनावत को हार का सामना करना पड़ा।
60 वर्ष आयु वर्ग में म.प्र. के यश विद्यार्थी ने क्वार्टरफाइनल में उलटफेर करते हुए आठवीं वरीयता प्राप्त परेश पटेल को 6-1, 7-5 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं इसी आयु वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्ते नागराज ने मनोज कुमार को आसानी से 6-0, 6-0 से हराकर फाइनल की ओर कदम बढ़ाया।

