नई दिल्ली : भारत ने चौथे टी20 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हराया और 5 मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। इस मुकाबले में टीम इंडिया के ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने बेहतरीन ऑलराउंड खेल दिखाया। पहले उन्होंने बल्लेबाजी में उपयोगी रन जोड़े और फिर गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनके इस प्रदर्शन के दम पर भारत ने मुकाबले पर पूरी तरह से पकड़ बना ली। शानदार योगदान के लिए अक्षर पटेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अक्षर पटेल का शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन बना भारत की जीत की नींव
अक्षर पटेल ने पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8वें नंबर पर उतरकर तेजतर्रार बल्लेबाजी की। उन्होंने मात्र 11 गेंदों में एक छक्का और एक चौके की मदद से नाबाद 21 रन बनाए, जिससे भारत का स्कोर 167 रन तक पहुंच गया। इसके बाद गेंदबाजी में भी अक्षर ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में केवल 20 रन खर्च किए और 2 महत्वपूर्ण विकेट झटके। अक्षर ने मैथ्यू शॉर्ट और जोश इंगलिश जैसे खतरनाक बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाकर ऑस्ट्रेलियाई पारी की रीढ़ तोड़ दी और टीम को शुरुआती झटके देकर मैच भारत के पक्ष में मोड़ दिया।
अक्षर पटेल ने युवराज सिंह को पछाड़कर रचा नया कीर्तिमान
अक्षर पटेल को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह आठवीं बार था जब अक्षर ने यह सम्मान अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने भारत की ओर से टी20आई में सबसे अधिक बार यह अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरा स्थान हासिल कर लिया। उन्होंने इस मामले में दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने अपने करियर में सात बार यह खिताब जीता था। अब युवराज इस सूची में चौथे स्थान पर खिसक गए हैं। वहीं, शीर्ष स्थान पर सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली संयुक्त रूप से मौजूद हैं, जिन्होंने 16-16 बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड अपने नाम किया है।
भारत के लिए T20I में सर्वाधिक प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार
16 – सूर्यकुमार यादव
16 – विराट कोहली
14 – रोहित शर्मा
8 – अक्षर पटेल
7- युवराज सिंह
6 – कुलदीप यादव<br>6 – जसप्रीत बुमराह


