WPL 2024: फाइनल में आरसीबी की भिड़ंत अब दिल्ली कैपिटल्स से 17 मार्च को होगी

0

नई दिल्ली: WPL 2024 के खिताबी मुकाबले में खेलने वाली दोनों टीमें अब फाइनल हो गई हैं। पिछले साल की रनरअप दिल्ली कैपिटल्स पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी थी जबकि शुक्रवार (15 मार्च 2024) को खेले गए एलिमिनेटर में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को 5 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं मुंबई इंडियंस टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। फाइनल में आरसीबी की भिड़ंत अब दिल्ली कैपिटल्स से 17 मार्च (रविवार) को होगी।

12 गेंद में 16 रन नहीं बना पाई मुंबई
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस को जीत के काफी करीब जाकर भी हार का मुंह देखना पड़ा। दरअसल, मुंबई को आखिरी 2 ओवर में 16 रन की जरूरत थी और 5 विकेट हाथ में थे, लेकिन इन 12 गेंदों में मुंबई ने ना सिर्फ 1 विकेट गंवाया बल्कि रन भी 10 ही बनाए और इस तरह 5 रन से मैच गंवा दिया। आरसीबी की ओर से 19वां ओवर सोफी मोलिनेक्स ने डाला था। उन्होंने इस ओवर में सिर्फ 4 रन दिए थे जबकि 20वां ओवर आशा शोभना ने डाला था। उन्होंने आखिरी ओवर में सिर्फ 6 रन दिए और 1 विकेट चटकाया।

एलिसा पेरी फिर रहीं जीत की हीरो
स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 135 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए थे। बैंगलोर की ओर से पिछले मैच की हीरो रही एलिसा पेरी ने इस मुकाबले में भी बल्ले से अहम योगदान दिया। पेरी ने 50 गेंद में 66 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 1 छक्का लगाया। पेरी के अलावा किसी बल्लेबाज ने प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं किया। स्मृति मंधाना और सोफी डिवाइन ने 10-10 रन का योगदान दिया। वहीं ऋचा घोष भी 14 रन की ही पारी खेल पाईं।

मुंबई के लगातार गिरते विकेट रहे हार का कारण
जवाब में 136 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी की शुरुआत तो अच्छी नहीं रही थी, क्योंकि टीम को 27 के स्कोर पर ही पहला झटका लग गया था। हेली मैथ्यूज (15) के रूप में मुंबई ने पहला विकेट गंवाया था। इसके बाद मुंबई को 50 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा था। यास्तिका भाटिया 19 रन की पारी खेलकर आउट हुईं थी। मुंबई की हार की सबसे बड़ी वजह उनके लगातार गिरते विकेट रहे। कप्तान हरमनप्रीत कौर 30 गेंद में 33 रन की पारी खेलकर आउट हुईं। वह मुंबई की ओर से हाई स्कोरर भी रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here