नई दिल्ली : विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के चौथे सीजन में पांचों टीमों के बीच फाइनल में जगह बनाने के लिए जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लीग स्टेज में टॉप पर रहते हुए सीधे फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम ने एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात जाएंट्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। अब 5 फरवरी को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम कोटाम्बी में WPL 2026 का फाइनल मुकाबला आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स की महिला टीमों के बीच खेला जाएगा।
फाइनल मैच लाइव देखने की पूरी जानकारी: समय, स्थान और स्ट्रीमिंग
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स की महिला टीम के बीच में होने वाले इस फाइनल मुकाबले को लेकर बात की जाए तो इसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम 7:30 पर होगी, जिसमें टॉस शाम 7 बजे होगा। वहीं इस मैच का सीधा प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जिसमें फैंस आसानी से इसे देख सकते हैं। फाइनल मुकाबले की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग को लेकर बात की जाए तो वह जियो हॉटस्टार ऐप पर किया जाएगा। फैंस अपने मोबाइल और स्मार्ट टीवी दोनों में लॉगिन कर इस खिताबी मैच को देख सकते हैं।
हेड टू हेड: दिल्ली कैपिटल्स का पलड़ा भारी
WPL 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें दिल्ली का पलड़ा साफतौर पर भारी देखने को मिलता है। दोनों टीमों के बीच अब तक चारों सीजन मिलाकर कुल 9 बार भिड़ंत देखने को मिली है, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स की टीम 6 बार जीत हासिल करने में जहां कामयाब रही है तो वहीं आरसीबी की टीम सिर्फ तीन बार ही जीत सकी है। इस सीजन में लीग स्टेज में दोनों टीमों के बीच हुई भिड़ंत को लेकर बात की जाए तो उसमें एक मुकाबले को जहां आरसीबी की टीम 8 विकेट से जीतने में कामयाब रही थी, तो वहीं दूसरा मैच दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 7 विकेट से जीता था।
स्मृति मंधाना ऑरेंज कैप और नंदिनी शर्मा पर्पल कैप के दावेदार
आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जाने वाले WPL 2026 फाइनल में स्मृति मंधाना के पास ऑरेंज कैप अपने नाम करने का शानदार मौका होगा। स्मृति ने इस सीजन में अब तक 8 मैचों में 48.33 के औसत से कुल 290 रन बनाए हैं और वर्तमान में तीसरे नंबर पर हैं। इस लिस्ट में मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर शीर्ष स्थान पर हैं, जिन्होंने कुल 342 रन बनाए हैं। ऐसे में स्मृति को फाइनल मैच में 53 रन और बनाने होंगे ताकि वे हरमनप्रीत को पीछे छोड़ सकें। वहीं पर्पल कैप की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाज नंदिनी शर्मा के पास इसे अपने नाम करने का शानदार मौका है। नंदिनी अब तक 16 विकेट लेकर दूसरे नंबर पर हैं और उन्हें शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए केवल 2 और विकेट की जरूरत है।

