WPL: सोफी डिवाइन के ऑलराउंड प्रदर्शन से गुजरात जायंट्स की तीसरी जीत, यूपी वारियर्स 45 रन से हारी

0

वडोदरा। विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में गुजरात जायंट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी तीसरी जीत दर्ज की। गुरुवार को वडोदरा के कोटम्बी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने यूपी वारियर्स को 45 रन से हराया। जीत की नायिका रहीं सोफी डिवाइन, जिन्होंने अर्धशतकीय पारी खेलने के साथ गेंदबाजी में भी 2 विकेट चटकाए। टॉस जीतकर यूपी वारियर्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात जायंट्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 153 रन बनाए। टीम की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और 23 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिर गया। डेनी वायट हॉज 14 रन बनाकर आउट हुईं।

इसके बाद बेथ मूनी ने पारी संभालने की कोशिश की और 34 गेंदों में 38 रन बनाए। अनुष्का शर्मा (14) और कप्तान एश्ले गार्डनर (5) जल्दी आउट हो गईं, जिससे गुजरात दबाव में आ गया। मिडिल ऑर्डर में उतरी सोफी डिवाइन ने हालात को संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने 42 गेंदों पर 50 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। निचले क्रम से ज्यादा सहयोग नहीं मिला और गुजरात की टीम 153 रन तक ही पहुंच सकी। यूपी की ओर से क्रांति गौड़ और सोफी एकलस्टन ने 2-2 विकेट लिए।

154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी वारियर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 2 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया, जब किरण नवगिरे बिना खाता खोले आउट हो गईं। कप्तान मेग लेनिंग भी 10 गेंदों में 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। नंबर तीन पर आईं फीबी लिचफील्ड ने 32 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही यूपी की उम्मीदें भी टूट गईं। हरलीन देओल सिर्फ 3 रन बना सकीं। अंत में क्लो ट्रायोन ने नाबाद 30 रन बनाए, लेकिन टीम 17.3 ओवर में 108 रन पर सिमट गई। गुजरात की गेंदबाजी में राजेश्वरी गायकवाड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। सोफी डिवाइन और रेणुका सिंह ठाकुर को 2-2 विकेट मिले। इस जीत के साथ गुजरात जायंट्स 6 मैचों में 3 जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here