38.8 C
New Delhi
Saturday, June 14, 2025

WTC Final: मार्करम और बावुमा के बीच 143 रनों की नाबाद साझेदारी, जीत के लिए सिर्फ 69 रनों की जरूरत

लंदन: एडेन मार्करम के शतक और टेम्बा बावुमा के अर्धशतक के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे दिन दो विकेट खोकर 213 रन बना लिए हैं। गत विजेता ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 282 रनों का लक्ष्य दिया है। फिलहाल मार्करम 102 और बावुमा 65 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। अब टीम को जीत के लिए सिर्फ 69 रनों की जरूरत है।

तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी की शुरुआत 145/8 के स्कोर से की थी। उस वक्त उनकी कुल बढ़त 219 रन थी। मिचेल स्टार्क की नाबाद अर्धशतकीय पारी और एलेक्स कैरी के 43 रनों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट खोकर 207 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 281 रन की बढ़त हासिल करते हुए उन्हें 282 रन का लक्ष्य थमाया।

जवाब में दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत झटके के साथ हुई। रेयान रिकेल्टन सिर्फ छह रन बना पाए। उन्हें मिचेल स्टार्क ने अपना शिकार बनाया। वहीं, वियान मुल्डर सिर्फ 27 रन बना पाए। उन्हें भी स्टार्क ने पवेलियन भेजा। 70 के स्कोर पर दो विकेट खो चुकी प्रोटियाज टीम को एक बड़ी साझेदारी की जरूरत थी। एडेन मार्करम ने टेम्बा बावुमा के साथ 143* रन की निभाई और स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया।

ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी तीसरे दिन 207 रन पर सिमट गई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 212 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 138 रन पर सिमट गई थी। पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में 69 रन की बढ़त हासिल थी। दूसरी पारी के बाद ऑस्ट्रेलिया की कुल बढ़त 281 रन की हुई। मिचेल स्टार्क 136 गेंद में पांच चौके की मदद से 58 रन बनाकर नाबाद रहे।

स्टार्क ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहले एलेक्स कैरी के साथ आठवें विकेट के लिए 61 रन की, फिर लियोन के साथ नौवें विकेट के लिए 14 रन की और फिर हेजलवुड के साथ आखिरी विकेट के लिए 135 गेंद में 59 रन की साझेदारी निभाई। हेजलवुड 17 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी में मार्नस लाबुशेन ने 22, स्टीव स्मिथ ने 13, उस्मान ख्वाजा ने 6, ट्रेविस हेड ने 9, ब्यू वेबस्टर ने 9 और कप्तान पैट कमिंस ने 6 रन बनाए। कैमरन ग्रीन खाता नहीं खोल सके। इसके अलावा एलेक्स कैरी ने 50 गेंद में पांच चौके की मदद से 43 रन की पारी खेली। वहीं, नाथन लियोन दो रन बना सके। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा ने चार विकेट लिए, जबकि लुंगी एनगिडी को तीन विकेट मिले। मार्को यानसेन, वियान मुल्डर और एडेन मार्करम को एक-एक विकेट मिला।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles