नई दिल्ली:ऑस्ट्रेलिया ने मौजूदा एशेज के एडिलेड टेस्ट में इंग्लैंड को हराकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 साइकिल में लगातार छठी जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही पूर्व टेस्ट चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने लगातार तीसरे फाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली है। दूसरी ओर, इंग्लैंड की टीम का खराब प्रदर्शन लगातार जारी है और वह इस साइकिल में संघर्ष करती नजर आ रही है।
एक समय इंग्लैंड की टीम ‘बैजबॉल’ के दम पर टेस्ट क्रिकेट में पूरी दुनिया पर दबदबा बनाने का दावा कर रही थी, लेकिन अब उस आक्रामक शैली की हवा निकलती नजर आ रही है। टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता जा रहा है—घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ सीरीज ड्रॉ कराना और अब ऑस्ट्रेलिया से लगातार पांचवीं एशेज गंवाना, इंग्लैंड के टेस्ट क्रिकेट पर बड़े सवाल खड़े करता है। मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में इंग्लैंड की टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर बनी हुई है।
टीम इंडिया की मौजूदा स्थिति क्या कहती है?
हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-0 से हार के बाद भारतीय टीम अंक तालिका में फिसलकर पाकिस्तान से भी नीचे पहुंच गई है। मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में टीम इंडिया छठे स्थान पर बनी हुई है। पहले दोनों सीजन की फाइनलिस्ट रही भारतीय टीम ने इस साइकिल में अब तक 9 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उसे 4 में जीत, 4 में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 1 मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ है।अन्य टीमों की बात करें तो पाकिस्तान ने अब तक दो टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें एक जीत और एक हार के साथ वह अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। डिफेंडिंग चैंपियन साउथ अफ्रीका भारत के खिलाफ सीरीज जीत के बाद दूसरे स्थान पर काबिज है, जिसने चार में से तीन मैच जीते हैं और एक में उसे हार मिली है। न्यूजीलैंड की टीम दो टेस्ट में एक जीत और एक ड्रॉ के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि श्रीलंका चौथे स्थान पर बनी हुई है। इंग्लैंड से नीचे तालिका में बांग्लादेश आठवें और वेस्टइंडीज नौवें स्थान पर मौजूद हैं।