यशस्वी जायसवाल बाहर, रोहित-गिल की ओपनिंग जोड़ी; ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत की अनुमानित टीम

0

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय वनडे और टी20 टीम का ऐलान हो चुका है, जिसमें सबसे पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इस बार वनडे टीम की कमान रोहित शर्मा के बजाय युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को सौंपी गई है। गिल के लिए यह बतौर वनडे कप्तान उनका पहला ऑस्ट्रेलिया दौरा होगा, जिससे expectations और जिम्मेदारियाँ दोनों ही बढ़ गई हैं। उन पर न केवल खुद को एक सक्षम कप्तान साबित करने का दबाव रहेगा, बल्कि टीम को जीत की राह पर ले जाने की भी बड़ी जिम्मेदारी होगी।

गिल-रोहित की जोड़ी संभालेगी ओपनिंग की जिम्मेदारी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम को कड़ी चुनौती मिलेगी और कंगारू टीम को हराने के लिए भारत को अपनी बेस्ट प्लेइंग इलेवन के साथ उतरना होगा जो ऐसी हो सकती है। भारत के लिए पारी की शुरुआत कप्तान शुभमन गिल के साथ रोहित शर्मा कर सकते हैं जबकि यशस्वी जायसवाल को इंतजार करना पड़ सकता है। तीसरे नंबर पर विराट कोहली खेलेंगे जो वनडे में इस क्रम पर भारत के लिए बैटिंग करते हैं।

कंगारू टीम के खिलाफ चौथे नंबर पर वनडे टीम के नए उप-कप्तान श्रेयस अय्यर खेलते हुए नजर आ सकते हैं जबकि टीम में विकेटकीपर की भूमिका निभाने वाले केएल राहुल 5वें नंबर पर अपने बल्ले को जोर दिखाते नजर आ सकते हैं। हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में नितीश कुमार रेड्डी को वनडे में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है जबकि अक्षर पटेल चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बने रहेंगे। अक्षर को रविंद्र जडेजा पर तरजीह मिली है जिन्हें इस वनडे सीरीज के लिए टी का हिस्सा नहीं बनाया गया है।

भारतीय प्लेइंग इलेवन में कुलदीप यादव स्पिनर के रूप में पहली पसंद हो सकते हैं और जहां तक पेस बॉलर्स की बात है तो मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह इसकी अगुआई करते नजर आ सकते हैं। हर्षित राणा को प्रसिद्ध कृष्णा पर तरजीह मिल सकती है जो बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। सिराज चैंपियंस ट्रॉफी में नहीं खेले थे, लेकिन अपने हालिया प्रदर्शन की वजह से वो प्लेइंग इलेवन में शामिल होने के दावेदार हैं।

ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here