नमो फिट इंडिया साइकिल रैली में युवाओं का उत्साह

0

एनएसटी, इटारसी। इटारसी में रविवार को फिटनेस और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘नमो फिट इंडिया – संडेज़ ऑन साइकिल’ अभियान के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में शहर और आसपास के इलाकों से आए 400 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और लोगों को फिट रहने का संदेश दिया। खास बात यह रही कि एसडीएम टी. प्रतीक राव, आईएएस भी खुद युवाओं के साथ साइकिल पर सवार हुए और पूरे 3.5 किलोमीटर तक पैडल मारकर उत्साह बढ़ाया।

एसडीएम ने बढ़ाया जोश

रैली की शुरुआत में ही जब एसडीएम टी. प्रतीक राव ने हेलमेट पहनकर साइकिल उठाई तो भीड़ में जोश दोगुना हो गया। उन्होंने कहा कि फिटनेस केवल खिलाड़ियों के लिए नहीं बल्कि हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। युवाओं को सक्रिय जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देने के लिए उन्होंने खुद पूरी दूरी साइकिल से तय की। लोगों ने इस पहल का तालियों से स्वागत किया। इस रैली के सफल आयोजन में सीपीई इंडियन आर्मी, स्थानीय पुलिस प्रशासन, नगर निकाय और विभिन्न शासकीय विभागों ने अहम योगदान दिया। पूरे आयोजन की जिम्मेदारी भोपाल डिस्ट्रिक्ट साइक्लिंग एसोसिएशन (BDCA) ने निभाई। प्रतिभागियों के उत्साह को बनाए रखने के लिए आयोजन स्थल पर टी-शर्ट, रिफ्रेशमेंट और ज़ुम्बा डांस की व्यवस्था की गई। साथ ही एक्शन फ़ोटोग्राफी और नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण ने इसे और आकर्षक बना दिया। स्वास्थ्य सेवाएं वन रिहैब 24×7 टीम ने उपलब्ध कराईं।

फिटनेस और नए खिलाड़ियों की पहचान

इस मौके पर बीडीसीए के सचिव डॉ. विशाल सिंह सेंगर ने कहा कि नमो फिट इंडिया अभियान युवाओं और समाज को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। वहीं MTB साइक्लिंग कोच और BDCA के कोषाध्यक्ष शुभम सिंह ठाकुर ने बताया कि इस तरह की रैली का उद्देश्य फिटनेस के साथ-साथ उन नए चेहरों की पहचान करना है, जो आगे चलकर पेशेवर साइक्लिंग में देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

स्थानीय स्तर पर गर्व का अवसर

कार्यक्रम में तहसीलदार शक्ति तोमर ने कहा कि इटारसी जैसी जगह पर इतने बड़े स्तर की साइकिल रैली होना गर्व की बात है। अंत में वन रिहैब 24×7 के डायरेक्टर डॉ. राकेश पांडे ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। आयोजन के समापन पर प्रतिभागियों और दर्शकों ने इसे प्रेरणादायक बताया। यह साइकिल रैली सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं रही, बल्कि इसने फिट इंडिया मूवमेंट को गति देने में अहम भूमिका निभाई। 400 से ज्यादा साइकिलिस्टों की भागीदारी और प्रशासन की सक्रिय मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि फिटनेस अब समाज की प्राथमिकता बन चुकी है। इटारसी की सड़कों पर उमड़ा यह उत्साह आने वाले समय में और भी बड़े आयोजनों की नींव रख सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here