मोहाली. भारत की पैडल टीम का ऐलान हो चुका है और इस बार टीम में एक खास नाम शामिल हुआ है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और वर्ल्ड कप हीरो युवराज सिंह की सौतेली बहन अमरजोत कौर उर्फ एमी बुंदेल को टीम इंडिया में जगह मिली है। एमी अब अगस्त में मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में होने वाले एशिया पैसिफिक पैडल कप (APPC 2025) में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
करियर का सबसे बड़ा मंच
21 वर्षीय एमी ने इस चयन को अपने पैडल करियर का सबसे बड़ा अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि यह पल उनके लिए अविश्वसनीय है और वे देश के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को तैयार हैं।

टीम इंडिया तैयार
भारत की टीम इस टूर्नामेंट में नए और अनुभवी खिलाड़ियों के साथ उतर रही है। आयोजकों का कहना है कि APPC एशिया-प्रशांत क्षेत्र का सबसे बड़ा पैडल इवेंट है, जिसमें शीर्ष देश भाग लेंगे। अब सबकी निगाहें अमरजोत कौर और उनकी टीम पर होंगी, जो कोर्ट पर अपनी रणनीति और जुनून दिखाएंगी। एमी युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह और उनकी दूसरी पत्नी, पंजाबी अभिनेत्री नीना बुंदेल की बेटी हैं। वे चंडीगढ़ में रहती हैं और टेनिस व पैडल दोनों खेलों में आगे बढ़ रही हैं। उनके भाई विक्टर सिंह और सौतेले भाई युवराज सिंह व जोरावर सिंह भी खेल से जुड़े रहे हैं। अपनी मां की तरह एमी भी ग्लैमरस हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 32,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। खेल और सोशल मीडिया दोनों में सक्रिय होने के कारण वे युवाओं में तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं।
क्या है पैडल गेम?
पैडल एक रैकेट गेम है, जो टेनिस और स्क्वैश का मिश्रण है।
यह आम तौर पर डबल्स फॉर्मेट में खेला जाता है।
कोर्ट छोटा (20×10 मीटर) होता है और चारों ओर कांच व जाली की दीवारें होती हैं।
इसमें छोटा, बिना स्ट्रिंग का छेदों वाला रैकेट इस्तेमाल होता है।
पैडल 1969 में मैक्सिको से शुरू हुआ और अब स्पेन, अर्जेंटीना, यूरोप और यूएई में बेहद लोकप्रिय है। भारत में भी इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।


