जिम्बाब्वे ने रचा इतिहास, बांग्लादेश को पारी और 85 रन से हराकर दर्ज की सबसे बड़ी टेस्ट जीत

0

हरारे.  जिम्बाब्वे ने हरारे में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में बांग्लादेश को पारी और 85 रन से हराकर अपने टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। मेजबान टीम ने मुकाबला तीसरे ही दिन समाप्त कर दिया। तेज गेंदबाजों ब्लेसिंग मुजारबानी, रिचर्ड नगरावा और न्यूमैन न्यामहुरी ने पूरे मैच में 17 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।  बांग्लादेश ने पहली पारी में केवल 140 रन बनाए थे। जवाब में जिम्बाब्वे ने इनोसेंट काइया के करियर के पहले टेस्ट शतक (140 रन) तथा ब्रायन बेनेट (59), क्रेग इर्विन (60) और वेस्ली मधेवेरे (77)* की शानदार पारियों की बदौलत 410 रन बनाए और 270 रन की बढ़त हासिल की।

दूसरी पारी में बांग्लादेश तीसरे दिन 40/1 से आगे खेलने उतरा, लेकिन मुजारबानी और नगरावा की घातक गेंदबाजी के सामने पूरी टीम 185 रन पर सिमट गई। मुजारबानी ने दूसरी पारी में चार विकेट झटके, जबकि नगरावा और न्यामहुरी ने तीन-तीन बल्लेबाजों को आउट किया। पहली पारी में न्यामहुरी ने 4 विकेट लेकर बांग्लादेश की बल्लेबाजी की कमर तोड़ी थी। वहीं, बांग्लादेश के बाएं हाथ के स्पिनर तैजुल इस्लाम ने पहली पारी में 7 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक 5 विकेट लेने के मामले में शाकिब अल हसन (19 बार) की बराबरी की, लेकिन उनकी यह उपलब्धि टीम को हार से नहीं बचा सकी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here