शिलांग। मोरक्को के स्टार स्ट्राइकर अलाएद्दीन अजाराई के दो शानदार गोलों की मदद से डिफेंडिंग चैंपियन नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने 134वें इंडियनऑयल डुरंड कप के नॉर्थईस्ट डर्बी में शिलांग लाजोंग एफसी को 2-1 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। यह मुकाबला शुक्रवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, शिलांग में खेला गया। ग्रुप-ई के इस अहम मुकाबले में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने अजाराई के पांचवें मिनट के गोल से शुरुआती बढ़त हासिल की। उन्हें जोस मैनुएल नुनेज मार्टिन से शानदार पास मिला, जिस पर उन्होंने लाजोंग के गोलकीपर सिवेल रिंबाई को चकमा देकर चौथा गोल दागा। शिलांग की टीम ने तेज काउंटर अटैक से बराबरी की कोशिश की, लेकिन गोलकीपर गुरमीत सिंह ने तीन बेहतरीन सेव करते हुए स्कोर बराबर नहीं होने दिया।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों का खेल संतुलित रहा और गोल के मौके कम बने। 81वें मिनट में शिलांग के फिगो सिंडाई ने सवेमे तारियांग के क्रॉस पर हेडर से गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। हालांकि, बराबरी का यह आनंद ज्यादा देर नहीं टिक सका और 83वें मिनट में अजाराई ने बॉक्स के किनारे से घुमाकर शानदार शॉट मारते हुए टीम को फिर बढ़त दिला दी। यह गोल उनके टूर्नामेंट का पांचवां था। इस जीत के साथ र्थईस्ट यूनाइटेड के ग्रुप में छह अंक हो गए हैं और वे एक मैच बाकी रहते हुए ही बेहतर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड के आधार पर क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए हैं। शिलांग लाजोंग ने भी छह अंकों के साथ अपना अभियान समाप्त किया।


