नई दिल्ली: दूसरे यूथ टेस्ट के पहले दिन, मंगलवार (7 अक्टूबर) को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को 135 रन पर आउट करने के बाद इंडिया अंडर-19 की शुरुआत खराब रही। कप्तान आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा दोनों बल्लेबाजों का बल्ला फिर से नहीं चला, जबकि वैभव सूर्यवंशी भी जल्दी आउट हो गए। इंडिया अंडर-19 ने मात्र 7 ओवर में 41 रन पर अपने 3 विकेट गंवा दिए, जिससे टीम को शुरुआती झटका लगा।
इंडिया अंडर-19 ने दूसरे यूथ टेस्ट में ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया। विहान मल्होत्रा और कप्तान आयुष म्हात्रे ओपनिंग करने उतरे। पहले मैच में शतक जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। विहान मल्होत्रा के तौर पर पहला विकेट गिरा। उन्होंने 11 रन बनाए। तब इंडिया अंडर-19 का स्कोर 3.2 ओवर में 1 विकेट पर 17 रन था।
विल बायरोम ने झटके दोनों अहम विकेट
आयुष म्हात्रे के तौर पर दूसरा विकेट गिरा। उन्होंने 4 रनबनाए। विल बायरोम ने दोनों के विकेट लिए। पहले यूथ टेस्ट में आयुष म्हात्रे ने 21 और विहान मल्होत्रा ने 6 रन बनाए थे। मैके में खेले जा रहे दूसरे यूथ टेस्ट में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने उतरे वैभव सूर्यवंशी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने 14 गेंद पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 20 रन बनाए, लेकिन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। चार्ल्स लैचमुंड ने उनका विकेट चटकाया।
वेदांत त्रिवेदी और राहुल कुमार क्रीज पर डटे
पहले यूथ टेस्ट में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 86 गेंदों पर 9 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 113 रन बनाए। उनके अलावा वेदांत त्रिवेदी भी बेहतरीन फॉर्म में हैं और वह राहुल कुमार के साथ क्रीज पर डटे हुए हैं। इंडिया अंडर-19 ने 11 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 59 रन बना लिए हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया 76 रन से आगे है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 की पहली पारी 43.3 ओवर में सिर्फ 135 रन पर खत्म हो गई, जिसमें हेनिल पटेल और खिलन पटेल ने तीन-तीन विकेट लेकर टीम को मजबूती से पटरी पर रखा।


